*पुटुंगा स्कूल को प्लस टू की मान्यता दिलाने का प्रयास करेंगे: जोबा माझी*

चाईबासा: आनंदपुर प्रखंड के सुदूरवर्ती उत्क्रमित उच्च विद्यालय पुटुंगा में शुक्रवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच वार्षिकोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि और प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। विद्यार्थियों ने पारंपरिक नृत्य और संगीत के माध्यम से अतिथियों का स्वागत किया। इसके बाद अतिथियों ने पारंपरिक पत्थर धुलाई कार्यक्रम में भाग लिया। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया।
कार्यक्रम के दौरान शिक्षक मनोज कुमार सिंह ने स्वागत भाषण दिया और विद्यालय की उपलब्धियों के साथ-साथ वहां मौजूद समस्याओं से सांसद और बीडीओ को अवगत कराया। विद्यालय के सचिव पीटर भुइंया ने भी अपने विचार रखे।
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद जोबा माझी ने कहा कि पुटुंगा विद्यालय ने लंबे संघर्ष के बाद उत्क्रमित उच्च विद्यालय का दर्जा हासिल किया है। कभी खपरैल भवन से शुरू हुए इस विद्यालय में धीरे-धीरे संसाधन बढ़ाए जा रहे हैं। वर्तमान में विद्यालय की चारदीवारी का निर्माण कार्य जारी है। हालांकि, बेहतर शैक्षणिक व्यवस्था के लिए अभी कई बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि शिक्षित समाज के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका है। इसके लिए शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करना जरूरी है। क्षेत्र के प्रत्येक घर तक शिक्षा का प्रकाश पहुंचाना लक्ष्य है। सांसद ने विद्यालय प्रबंधन को आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों के खेलने के लिए मैदान और अन्य जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाएगी। विद्यालय की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करने का प्रयास होगा।
जोबा माझी ने कहा कि भविष्य में विद्यालय को प्लस टू की मान्यता दिलाने के लिए भी प्रयास किया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों की कमी दूर करने की दिशा में पहल की जाएगी, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
कार्यक्रम में रोबोकेरा थाना प्रभारी लालू प्रसाद, मनोहरपुर के उपप्रमुख दीपक एक्का, जुनूल कंडुलना, कोमल भुइंया, अजय कच्छप, कालीपद सोरेन, सूर्य प्रताप सिंहदेव, ग्राम मुंडा राजेश भुइंया, पीटर भुइंया, सूरसेन भुइंया, संजीव गंताइत, राजू सिंह, शिक्षक मनोज कुमार सिंह, बिराजमनी बुढ़, इंदु लालिमा तोपनो, पालेश्वर महतो और रोलेश पुरती सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं अभिभावक उपस्थित रहे।




