कोल्हान

*उपभोक्ता अधिकारों को लेकर बढ़ी जागरूकता, 2026 में 100 से अधिक वाद दायर* 

चाईबासा: उपभोक्ता अधिकारों को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान का असर पश्चिमी सिंहभूम जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग में दिखाई देने लगा है। उपभोक्ता अब अपने अधिकारों के प्रति पहले की तुलना में अधिक जागरूक हुए हैं और समस्याओं के समाधान के लिए आयोग का रुख कर रहे हैं। चालू वर्ष 2026 में अब तक आयोग में 100 से अधिक उपभोक्ता वाद दायर किए जा चुके हैं।

जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने बताया कि उपभोक्ता अधिकारों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया और उपभोक्ता संरक्षण कानून के प्रावधानों की जानकारी लोगों तक पहुंचाने के लिए लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। आयोग के अध्यक्ष, सदस्यों और कर्मचारियों द्वारा विभिन्न माध्यमों से लोगों को बताया जा रहा है कि किसी वस्तु या सेवा में कमी, अनुचित व्यापार व्यवहार अथवा उपभोक्ता अधिकारों के उल्लंघन की स्थिति में वे कानूनी रूप से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।

अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने कहा कि लगातार जागरूकता और प्रचार-प्रसार से लोगों में अपने अधिकारों को लेकर समझ बढ़ी है। अब उपभोक्ता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए उचित मंच पर शिकायत दर्ज कराने के प्रति अधिक जागरूक दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने आयोग के सदस्यों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उपभोक्ताओं को समय पर न्याय दिलाना आयोग की प्राथमिकता है।

नए वादों की संख्या बढ़ने के साथ लंबित मामलों के निस्तारण पर भी आयोग की ओर से ध्यान दिया जा रहा है। मामलों की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया को प्रभावी बनाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि उपभोक्ताओं को जल्द राहत मिल सके।

आयोग में शिकायत दर्ज कराने के लिए हर बार कार्यालय आने की जरूरत नहीं है। उपभोक्ता ऑनलाइन माध्यम से भी अपना वाद दायर कर सकते हैं। पश्चिमी सिंहभूम जैसे बड़े जिले में यह सुविधा दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों के लिए उपयोगी है। जरूरत के अनुसार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सुनवाई में शामिल होने की सुविधा भी उपलब्ध है।

आयोग की ओर से उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि सामान खरीदते समय बिल जरूर लें और किसी वस्तु या सेवा में कमी पाए जाने पर उससे संबंधित दस्तावेज सुरक्षित रखें। शिकायत होने पर उपभोक्ता उचित मंच पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। आयोग का उद्देश्य वादों का निस्तारण करने के साथ लोगों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना भी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!