मेचुआ गांव में पांच महीने से खराब जलमीनार, सामाजिक कार्यकर्ता ने यूसील प्रबंधन को लिखा पत्र

जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के मेचुआ गांव में बीते पांच महीने से जलमीनार खराब पड़ा है, जिससे करीब 30 परिवारों के सामने पेयजल संकट की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों को फिलहाल करीब आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है।
बताया गया कि यूसील प्रबंधन ने सामाजिक दायित्व के तहत ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह जलमीनार मेचुआ गांव को सौंपा था। जलमीनार खराब होने के बाद इसकी मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस मामले को लेकर क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता कुशल सोरेन ने यूसील के उपमहाप्रबंधक राकेश कुमार को पत्र लिखकर खराब जलमीनार की जल्द मरम्मत कराकर उसे चालू कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जनजाति आयोग की सदस्य आशा लकड़ा के जादूगोड़ा दौरे के दौरान भी ग्रामीणों ने खराब जलमीनार की समस्या उनके समक्ष रखी थी। इसके बावजूद अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है।
कुशल सोरेन ने यूसील प्रबंधन से ग्रामीणों के पेयजल संकट को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि मेचुआ गांव के 30 परिवारों को पेयजल संकट से कब तक राहत मिल पाती है।




