कोल्हान

बड़पोस ग्राम सभा ने अवधेश महतो की मौत पर जताई हत्या की आशंका, उपायुक्त को सौंपा प्रस्ताव

मनोहरपुर। मनोहरपुर प्रखंड के बड़पोस गांव में अवधेश महतो की मौत को लेकर ग्राम सभा ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से मामले की जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। ग्राम सभा की ओर से पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त, चाईबासा को पेसा एक्ट, 1996 की धारा 4(डी) के तहत प्रस्ताव भेजा गया है।

ग्राम सभा की कार्यवाही के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को बड़पोस के बीच टोला स्थित बरगद पेड़ के नीचे ग्राम सभा की बैठक आयोजित की गई, जिसमें 193 ग्रामीणों की उपस्थिति दर्ज की गई। बैठक में 25 सितंबर की रात अवधेश महतो, पिता सदानंद महतो की हुई मौत को लेकर चर्चा की गई।

प्रस्ताव में ग्राम सभा ने दावा किया है कि मौत को लेकर ग्रामीणों के बीच संदेह की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों ने इसे सामान्य या आकस्मिक मौत मानने के बजाय हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। प्रस्ताव में यह भी उल्लेख किया गया है कि मामले को आत्महत्या के रूप में बताया जा रहा है, जबकि ग्राम सभा के अनुसार ग्रामीणों को इस पर संदेह है।

ग्राम सभा ने मृतक की पत्नी, जो बड़पोस आंगनबाड़ी केंद्र में सेविका के पद पर कार्यरत हैं, के संबंध में भी गंभीर आरोपों और आशंकाओं का उल्लेख प्रस्ताव में किया है। ग्राम सभा ने उनकी सेवा समाप्त करने तथा आंगनबाड़ी केंद्र में वैकल्पिक व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

प्रशासन से जांच और कार्रवाई की मांग

ग्राम सभा ने उपायुक्त को भेजे प्रस्ताव में मामले की प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों और प्रचलित कानून के तहत जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा जांच की जानकारी ग्राम सभा को उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

ग्राम सभा अध्यक्ष सह ग्राम मुंडा सुरेश चंद्र महतो के हस्ताक्षर से भेजे गए पत्र की प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, चाईबासा; प्रखंड विकास पदाधिकारी, मनोहरपुर; बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, मनोहरपुर; अंचलाधिकारी, मनोहरपुर तथा थाना प्रभारी, मनोहरपुर को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!