गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन, 200 विद्यार्थियों ने लिया राष्ट्रीय एकता का संकल्प
गांधी और शास्त्री जयंती पर विद्यालय परिसर से निकली एकता दौड़, विद्यार्थियों ने देशभक्ति, सद्भाव और भाईचारे के लगाए नारे

चाईबासा / गुवा: डीएवी सीएमसी, दिल्ली के निर्देशानुसार गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती के अवसर पर शुक्रवार को डीएवी पब्लिक स्कूल, गुवा में प्राचार्य प्रवीण कुमार के नेतृत्व में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई, जिसके बाद विद्यालय परिसर से एकता दौड़ निकाली गई। इसमें कक्षा तृतीय से 12वीं तक के करीब 200 छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। दौड़ के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता, अखंडता, सद्भाव एवं भाईचारे से जुड़े नारे लगाए, वहीं शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाते हुए उनके साथ कदम से कदम मिलाकर दौड़ में सहभागिता की। इस अवसर पर प्राचार्य प्रवीण कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के सत्य, अहिंसा, सादगी, ईमानदारी एवं कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श सभी के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को नई दिशा दी, जबकि शास्त्री जी ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व का उदाहरण प्रस्तुत किया। प्राचार्य ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अनुशासन, देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना मजबूत होती है। शिक्षक इंचार्ज पीके आचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी राष्ट्रहित एवं सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति उनकी जागरूकता को दर्शाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से गांधी और शास्त्री के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने तथा स्वच्छता, अनुशासन और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित, स्वच्छता एवं सामाजिक सद्भाव के संकल्प के साथ हुआ। मौके पर विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।




