बोड़ादोरो में तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता शुरू, सन्नी उरांव ने किया उद्घाटन
गांधी जयंती के अवसर पर डायमंड बुलेट क्लब ने कराया आयोजन, उद्घाटन मुकाबले में जय हो बाघमारा ने रोनी ब्रदर्स को हराया

चाईबासा: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर डायमंड बुलेट क्लब, बोड़ादोरो, चक्रधरपुर की ओर से आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष सह झामुमो प्रखंड अध्यक्ष सन्नी उरांव ने महात्मा गांधी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और इसके बाद फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि चक्रधरपुर प्रखंड उप प्रमुख विनय प्रधान, इटोर पंचायत के मुखिया सोमनाथ कोया, गोपीनाथपुर पंचायत के मुखिया सेलाई मुंडा तथा गणेश गागराई मौजूद रहे, जिनका आयोजन समिति की ओर से स्वागत किया गया। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला रोनी ब्रदर्स और जय हो बाघमारा के बीच खेला गया, जिसमें रोमांचक मुकाबले के बाद जय हो बाघमारा की टीम ने जीत दर्ज की। मैच देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी एवं ग्रामीण मैदान में पहुंचे और खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। मुख्य अतिथि सन्नी उरांव ने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित यह फुटबॉल प्रतियोगिता युवाओं में अनुशासन, एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर भी देता है और डायमंड बुलेट क्लब की ओर से हर वर्ष प्रतियोगिता आयोजित कर स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया जा रहा है। विशिष्ट अतिथियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की अपील की। उद्घाटन मैच के दौरान क्लब के पदाधिकारी, सदस्य, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।




