नोवामुंडी के टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल में 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन, 236 बच्चों और अभिभावकों ने लिया हिस्सा
“हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी” थीम पर स्वास्थ्य, संतुलित आहार और पोषण के प्रति जागरूकता का संदेश

नोवामुंडी: टाटा डीएवी पब्लिक स्कूल, नोवामुंडी में केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) तथा महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार के दिशा-निर्देशानुसार 1 अक्टूबर 2026 को 9वें राष्ट्रीय पोषण माह का आयोजन किया गया। इस वर्ष अभियान “हमारी आंगनवाड़ी-हमारी जिम्मेदारी” थीम के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के बीच स्वास्थ्य, संतुलित आहार तथा पोषण के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। विद्यालय की प्राचार्या शशिकला ने अपने संदेश में कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है और सही पोषण बच्चों के सर्वांगीण विकास एवं बेहतर पढ़ाई की मजबूत नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों से घर के बने पौष्टिक भोजन को प्राथमिकता देने और दैनिक जीवन में स्वस्थ खान-पान की आदतें अपनाने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान आहार में विविधता, पर्याप्त प्रोटीन का समावेश, सामुदायिक सहभागिता तथा बाल विकास के लिए शुरुआती पोषण जैसे विषयों पर जानकारी दी गई। शिक्षिका अंतरा चौधरी ने कनिष्ठ कक्षाओं के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को जंक फूड से दूर रहने तथा हरी सब्जियों और प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम संयोजिका अंजू महतो ने बताया कि माह भर चलने वाले कार्यक्रम को विभिन्न विषयों में विभाजित कर आयोजित किया गया है, जिसमें पर्याप्त प्रोटीन एवं संतुलित आहार, ताजा एवं गर्म भोजन का महत्व, सामुदायिक जिम्मेदारियां, पोषण का सही समय तथा प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना शामिल हैं। कार्यक्रम में नर्सरी से कक्षा 2 तक के कुल 236 बच्चों एवं अभिभावकों ने भाग लिया। समारोह के दौरान विद्यार्थियों ने भाषण, पोस्टर मेकिंग और विचार-विमर्श के माध्यम से पोषण का संदेश दिया, जिसमें विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। धन्यवाद ज्ञापन शिक्षिका बी. सुजाता पॉल ने किया, जबकि कार्यक्रम का समापन शांतिपाठ के साथ हुआ।




