अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर झींकपानी वृद्धाश्रम में डालसा ने किया कार्यक्रम, बुजुर्गों के बीच बांटी सामग्री
स्वास्थ्य जांच शिविर लगाकर बुजुर्गों की जांच की गई, डालसा सचिव रवि चौधरी ने कहा- वरिष्ठजनों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी

चाईबासा: अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को झींकपानी स्थित संचार वृद्धाश्रम में डालसा चाईबासा की ओर से कार्यक्रम आयोजित किया गया। झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देश तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष डीएलएसए चाईबासा मोहम्मद शाकिर के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व डालसा सचिव रवि चौधरी ने किया। कार्यक्रम के दौरान वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्ग महिला एवं पुरुषों के साथ डालसा सचिव रवि चौधरी और पारा लीगल वालंटियर्स ने समय बिताया तथा बातचीत कर उनकी समस्याओं एवं जरूरतों की जानकारी ली। इस दौरान बुजुर्गों के बीच वस्त्र, भोजन सहित अन्य आवश्यक सामग्री का वितरण किया गया। जिला प्रशासन के सहयोग से वृद्धाश्रम परिसर में स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया, जहां वृद्धाश्रम में रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई और जरूरत के अनुसार उन्हें दवाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्गों के स्वास्थ्य, सम्मान और संरक्षण को लेकर जागरूकता का संदेश दिया गया। डालसा सचिव रवि चौधरी ने कहा कि वरिष्ठजनों का सम्मान हर दिन और हर पल होना चाहिए। उनके प्रति सम्मान की भावना व्यक्त करने तथा बुजुर्गों की जरूरतों और समस्याओं पर समाज का ध्यान आकर्षित करने के लिए प्रत्येक वर्ष एक अक्टूबर को अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग परिवार के मार्गदर्शक और धरोहर होते हैं तथा जीवन के उस दौर में जब वे असहाय और अक्षम हो जाते हैं, तब उनके साथ रहना और उनकी जरूरतों का ध्यान रखना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान है। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों को प्रेम, सम्मान और अपनापन देना समाज की जिम्मेदारी है। रवि चौधरी ने बताया कि नालसा दिल्ली और झालसा रांची के निर्देश पर वृद्धाश्रमों में समय-समय पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बुजुर्गों की सुविधाओं, समस्याओं और स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाता है तथा वृद्धजनों के सम्मान और संरक्षण के लिए विधिक सेवा संस्थाएं लगातार कार्य कर रही हैं।




