
पोटका: दुर्गापूजा शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और हर्षोल्लास के साथ संपन्न कराने को लेकर बुधवार को पोटका थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता बीडीओ अरुण कुमार मुंडा ने की। बैठक में पदाधिकारियों ने थाना क्षेत्र की पूजा समितियों के पदाधिकारियों से पूजा आयोजन को लेकर उनके सुझाव और समस्याओं की जानकारी ली। इस दौरान पूजा समितियों की ओर से पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने, विसर्जन घाट को समतल कराने तथा दो पूजा समितियों द्वारा निर्धारित तिथि के एक दिन बाद प्रतिमा विसर्जन करने की अनुमति देने की मांग रखी गई। पदाधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए पूजा समितियों से आपसी समन्वय बनाए रखने और दुर्गापूजा को शांति, सद्भाव एवं हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। साथ ही पंडालों में सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे लगाने, पर्याप्त संख्या में वॉलेंटियर तैनात रखने, निर्धारित समय पर प्रतिमा विसर्जन करने तथा प्रशासन द्वारा जारी अन्य नियमों का पालन करने को कहा गया। बैठक में सीओ निकीता बाला, इंस्पेक्टर पीसी सिन्हा, थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो, सब इंस्पेक्टर कुंदन वर्मा, जेई आर. होरो, मुखिया पानो सरदार, अमृत माझी, बाघराय सोरेन, उपेंद्र नाथ सरदार, मनोज राम, ग्राम प्रधान सुबल चंद्र भकत, मिठून सिंह, यादवेन्द्र भट्टाचार्य, हरेमोहन गोप, पियुष गोस्वामी, चंद्रशेखर गुप्ता, इम्तियाज अंसारी, यदुपति गोप, विशाल मुंडा, लाल सरदार सहित थाना क्षेत्र की 11 पूजा समितियों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।




