जमशेदपुर में फिर धूल-गड्ढों में फंसा NH-33, लोगों की शिकायत पर सरयू राय ने लिया जायजा; NHAI को कार्रवाई की चेतावनी
पारडीह से बालीगुमा तक सड़क की बदहाली का विधायक ने किया निरीक्षण, फ्लाईओवर निर्माण के बीच धूल से परेशान लोग; नियमित पानी छिड़काव और सड़क मरम्मत का दिया गया आश्वासन

जमशेदपुर: मानगो से गुजरने वाले NH-33 की बदहाल स्थिति और निर्माणाधीन फ्लाईओवर के कारण उड़ रही धूल को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायत पर जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने बुधवार को पारडीह स्थित होटल सिटी इन से बालीगुमा तक सड़क का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सड़क पर जगह-जगह छोटे-बड़े गड्ढे और निर्माण कार्य के कारण उड़ती धूल की स्थिति का जायजा लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क से उड़ने वाली धूल घरों के अंदर तक पहुंच रही है, जिससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सरयू राय ने कहा कि NH-33 की बदहाली कोई नई समस्या नहीं है और पूर्व में भी सड़क की खराब स्थिति को लेकर आंदोलन किया गया था। उन्होंने मौके से NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से बात की, जिन्होंने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही पदभार संभाला है। विधायक ने उनसे सड़क पर उड़ रही धूल को रोकने के लिए तत्काल नियमित पानी का छिड़काव कराने को कहा, जिस पर प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने सहमति जताई। सरयू राय ने कहा कि बरसात खत्म हो चुकी है और दशहरा सामने है, ऐसे में लोगों को गड्ढों और धूल के बीच त्योहार मनाने के लिए मजबूर नहीं किया जा सकता। उन्होंने NHAI से केवल गड्ढों में मिट्टी या अन्य सामग्री डालकर खानापूर्ति करने के बजाय सड़क की बाकायदा पिचिंग कराने की मांग की। प्रोजेक्ट डायरेक्टर ने आश्वासन दिया कि दो-तीन दिनों के भीतर सड़क निर्माण का काम शुरू कराया जाएगा, हालांकि सड़क की लंबाई अधिक होने के कारण काम पूरा होने में समय लग सकता है। विधायक ने कहा कि NH-33 के किनारे रहने वाले लोगों की परेशानी लगातार बढ़ रही है और धूल-धक्कड़ के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि NHAI ने समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की और मामला केवल आश्वासन तक सीमित रहा तो स्थानीय लोगों में आक्रोश बढ़ सकता है और इसके लिए NHAI को जिम्मेदार माना जाएगा।




