Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
जादूगोड़ा

जादूगोड़ा में यूसीआईएल कॉलोनी में कांटेदार तार से कई गायें घायल, खटाल मालिकों ने सुरक्षा अधिकारी के रवैये पर जताया आक्रोश

शिव मंदिर लाइन के बी-टाइप क्षेत्र में जानवरों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए तार बिछाने का आरोप, गाय मालिक ने यूसीआईएल प्रबंधन से कार्रवाई की मांग की

जादूगोड़ा: यूसीआईएल कॉलोनी में जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए कथित तौर पर कांटेदार तार बिछाए जाने के बाद कई गायों के फंसकर घायल होने का मामला सामने आया है, जिसके बाद जादूगोड़ा के खटाल मालिकों में आक्रोश है। आरोप है कि शिव मंदिर लाइन के बी-टाइप क्षेत्र में कॉलोनी में जानवरों के प्रवेश पर रोक लगाने के उद्देश्य से कांटेदार तार बिछाए गए, जिसमें कई गायें फंस गईं और लहूलुहान हो गईं। इसके बाद गाय मालिक रोहित यादव ने अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर किसी तरह जानवरों को सुरक्षित बाहर निकाला। गाय मालिक रोहित यादव का आरोप है कि यूसीआईएल के सुरक्षा अधिकारी एमएस प्रदीप कॉलोनी में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और आरोपियों को पकड़ने के बजाय जानवरों के प्रवेश को रोकने के लिए ऐसे कदम उठा रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अनजाने में कॉलोनी में प्रवेश कर जाने वाले जानवरों को कई बार घंटों तक घेराबंदी में रखा जाता है, जिससे उन्हें भोजन-पानी की समस्या होती है। बी-टाइप क्षेत्र में कांटेदार तार लगाए जाने के बाद गायों के घायल होने की घटना को लेकर खटाल मालिकों ने यूसीआईएल प्रबंधन से मामले में कार्रवाई की मांग की है। रोहित यादव ने यूसीआईएल के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक डॉ. कंचन आनंद राव से सुरक्षा अधिकारी एमएस प्रदीप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, इस संबंध में यूसीआईएल प्रबंधन या सुरक्षा अधिकारी का पक्ष सामने नहीं आया है। अब खटाल मालिकों की मांग पर प्रबंधन क्या कार्रवाई करता है, यह देखने वाली बात होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!