आदित्यपुर-2 के अनमोल किड्स प्ले स्कूल में शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती मनाई गई
मुख्य अतिथियों ने भगत सिंह के जीवन, वीरता और देशभक्ति से बच्चों को कराया परिचित, विद्यार्थियों ने दी श्रद्धांजलि

आदित्यपुर: अनमोल किड्स प्ले स्कूल, आदित्यपुर-2 में 28 सितंबर 2026 को शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती श्रद्धा और मर्यादापूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर समाजसेवी विष्णु देव गिरी, सेवानिवृत्त शिक्षक सी.के. प्रसाद एवं युवा समाजसेवी संतोष कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत रविकांत शर्मा द्वारा भगत सिंह का बैच पहनाकर किया गया। विद्यालय की प्राचार्या प्रीति शर्मा, शिक्षिकाओं आंचल कुमारी, आशिका कुमारी एवं अनुष्का तथा विद्यार्थियों रितिक शर्मा, वंश, अव्यांश, धैर्य, आयंतिका, मोहित, रिधान, प्रज्ञा सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने भगत सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्य अतिथियों ने विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह के जीवन, उनकी वीरता और देशभक्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण एवं प्रेरणादायक जानकारी दी। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन में भगत सिंह के योगदान और उनके विचारों से परिचित कराया गया। विद्यालय परिवार की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों और शिक्षकों ने श्रद्धापूर्वक भागीदारी की।




