पोटका में यात्री वाहनों में दुर्व्यवहार को लेकर बस प्रतिनिधियों से वार्ता, ग्रामीणों ने रखीं मांगें
हाता-हल्दीपोखर के यात्रियों से कथित दुर्व्यवहार, बस में चढ़ने से रोकने और महिला-बुजुर्गों को सीट से उठाने की शिकायत; कार्रवाई नहीं होने पर डीसी-एसएसपी को ज्ञापन देने की चेतावनी।

पोटका: हाता दुर्गा मंदिर परिसर में रविवार को ग्रामीणों की दूसरे चरण की बैठक मुखिया देवी कुमारी भूमिज की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जमशेदपुर के मानगो, साकची और रेलवे स्टेशन बस स्टैंड से हाता-हल्दीपोखर आने वाले यात्रियों के साथ बस एजेंटों द्वारा कथित दुर्व्यवहार, बस में चढ़ने से रोकने तथा महिला और बुजुर्ग यात्रियों को जबरन सीट से उठाने की शिकायतों को लेकर संबंधित बस मालिकों एवं उनके प्रतिनिधियों के साथ वार्ता की गई। बैठक में ग्रामीणों ने यात्रियों के साथ कथित दुर्व्यवहार पर रोक लगाने और हाता-हल्दीपोखर के यात्रियों को निर्धारित किराए पर सम्मानपूर्वक यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग रखी। ग्रामीणों ने मानगो बस स्टैंड से बस में चढ़ाने और किराया लेने वाले एजेंटों को व्यवहार में सुधार लाने का निर्देश देने की मांग की तथा बस संचालकों के नाम मांगपत्र भी सौंपा। ग्रामीणों ने कहा कि यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो उपायुक्त और एसएसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में समाजसेवी कृष्णा गोप, साहित्यकार सुनील डे, शंकर चंद्र गोप, मंटू मंडल, भवानी शंकर, बस संचालक राजेश कुमार, कारवा बस के मैनेजर सुरेश कुमार, बस एजेंट सुभाष गोप, लालटू डे, रिक चटर्जी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




