जमशेदपुर के पांच खिलाड़ी अंडर-19 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए रवाना, टाटानगर से पठानकोट गई टीम
सीआईएससीई नेशनल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में झारखंड-बिहार टीम का करेंगे प्रतिनिधित्व, गुलमोहर हाई स्कूल के अतुल राज और पीयूष राज भी चयनित।

जमशेदपुर: सीआईएससीई नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट अंडर-19 में भाग लेने के लिए पूर्वी सिंहभूम जिले के पांच खिलाड़ियों का जत्था रविवार को टाटानगर स्टेशन से जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन के माध्यम से पठानकोट के लिए रवाना हुआ। नेशनल अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन हरियाणा के करनाल में 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक किया जाएगा। झारखंड-बिहार टीम में जमशेदपुर के गुलमोहर हाई स्कूल के दो छात्रों को जगह मिली है, जिसमें टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के कमेटी मेंबर मनोज सिन्हा के पुत्र अतुल राज का चयन ऑलराउंडर के रूप में हुआ है। वहीं पीयूष राज विकेटकीपर के रूप में टीम का हिस्सा होंगे। चयनित खिलाड़ियों में अतुल राज और पीयूष राज गुलमोहर हाई स्कूल, अमित राज सिंह देव दयानंद पब्लिक स्कूल, अनुज शर्मा केरल समाजम मॉडल स्कूल तथा अनुराग सिंह एडीएल सनशाइन स्कूल के छात्र हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले से कुल पांच खिलाड़ियों का चयन अंडर-19 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए हुआ है। टाटानगर स्टेशन से रवाना होने के दौरान खिलाड़ियों में उत्साह देखा गया और शुभचिंतकों ने उन्हें प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। कैप्शन: टाटानगर स्टेशन पर अंडर-19 नेशनल क्रिकेट टूर्नामेंट के लिए पठानकोट रवाना होते खिलाड़ी। बाएं से क्रमशः अनुराग सिंह, अमित राज सिंह, अतुल राज, प्रथम (कोच), पीयूष राज और अनुज शर्मा।




