Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
खेलचाईबासापश्चिमी सिंहभूम

चाईबासा में 30 सितंबर से द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता, 390 खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल में होगी प्रतियोगिता, ₹6 लाख की इनामी राशि; नेपाल समेत 13 राज्यों के खिलाड़ी होंगे शामिल।

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला शतरंज संघ के तत्वावधान में द्वितीय रुंगटा सीमेंट इंटरनेशनल ओपन फीडे रेटिंग शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन 30 सितंबर से 4 अक्टूबर तक खिरवाल बैंक्विट हॉल में किया जाएगा। प्रतियोगिता की तैयारियों को लेकर सीताराम रुंगटा रीक्रिएशन हॉल, टाउन क्लब में प्रेस वार्ता आयोजित की गई।

390 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण

प्रेस वार्ता में संघ के महासचिव बसंत खंडेलवाल ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए अब तक 390 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें 254 अंतरराष्ट्रीय वरीयता प्राप्त खिलाड़ी शामिल हैं। दिल्ली के अंतरराष्ट्रीय मास्टर आराध्या गर्ग, जिनकी फीडे रेटिंग 2430 है, प्रतियोगिता में शीर्ष वरीयता प्राप्त खिलाड़ी हैं।

प्रतियोगिता में देश के 13 राज्यों के अलावा नेपाल के खिलाड़ी भी हिस्सा ले रहे हैं। आयोजकों के अनुसार समावेशी भागीदारी के तहत 3 नेत्रहीन और 1 दिव्यांग खिलाड़ी भी प्रतियोगिता में भाग लेंगे।

9 राउंड में होगा मुकाबला

यह प्रतियोगिता कुल 9 चक्रों (राउंड्स) में आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता अंतरराष्ट्रीय आर्बिटर विशाल मिंज और उनकी 14 सदस्यीय आर्बिटर टीम की देखरेख में संपन्न होगी।

इस वर्ष प्रतियोगिता की कुल इनामी राशि 6 लाख रुपये रखी गई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में दोगुनी है। कुल 50 नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये और ट्रॉफी, द्वितीय पुरस्कार में 60 हजार रुपये और ट्रॉफी तथा तृतीय पुरस्कार में 40 हजार रुपये और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।

इसके अलावा विभिन्न आयु वर्गों के खिलाड़ियों के लिए भी ट्रॉफी की व्यवस्था की गई है। पिछले वर्ष प्रतियोगिता में कुल 345 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।

30 सितंबर को होगा उद्घाटन

प्रतियोगिता का उद्घाटन समारोह 30 सितंबर को सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा। संघ के अनुसार प्रतियोगिता को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

बाहर से आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने के लिए राजस्थान भवन, रुंगटा मैरिज हाउस, खिरवाल धर्मशाला और विभिन्न होटलों में व्यवस्था की गई है।

प्रेस वार्ता के दौरान संघ के उपाध्यक्ष जहांगीर आलम, जयदेव चंद्र त्रिपाठी, संयुक्त सचिव अनंत लाल विश्वकर्मा, सुब्रत चंद्र त्रिपाठी, अर्पित खिरवाल, मनीष शर्मा, हर्ष शर्मा, सूरज तियू, ज्वेल गागराई, ईशान चौबे, समीर पूर्ति, कन्हैया पाण्डेय और देवेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!