Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*सड़क हादसों पर रोक के लिए पथ निर्माण विभाग ने तेज किया सड़क सुरक्षा अभियान* 

चाईबासा: सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से पथ निर्माण विभाग, पथ प्रमंडल चाईबासा की ओर से विशेष सड़क सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत विभाग के अधीन आने वाली सड़कों पर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्य किए जा रहे हैं।

अभियान के दौरान दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों की पहचान कर आवश्यक सुधारात्मक और सुरक्षात्मक कार्य किए जा रहे हैं। सड़क किनारे और प्रमुख स्थानों पर गतिअवरोधक, चेतावनी संकेतक और मार्गदर्शक साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं। पुराने या क्षतिग्रस्त संकेतकों को भी बदला जा रहा है, ताकि वाहन चालकों को सड़क की स्थिति और संभावित खतरे की जानकारी समय पर मिल सके।

सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न मार्गों पर रोड मार्किंग, कैट्स आई, रिफ्लेक्टर और स्पीड वार्निंग संकेत लगाए जा रहे हैं। दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जरूरत के अनुसार क्रैश बैरियर, सुरक्षा रेलिंग और अन्य सुरक्षात्मक संरचनाओं को भी मजबूत किया जा रहा है। विभाग का कहना है कि इन उपायों से वाहन चालकों को संभावित खतरे के प्रति समय रहते सचेत करने में मदद मिलेगी।

अभियान के तहत आम लोगों और वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की गई है। विभाग ने संदेश दिया है कि दो मिनट की देरी मंजूर है, लेकिन सुरक्षित घर पहुंचना जरूरी है। वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

इसके अलावा नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने को कहा गया है। वाहन चालकों से जल्दबाजी से बचते हुए संयम और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाने की अपील की गई है।

पथ निर्माण विभाग के अनुसार सड़क सुरक्षा अभियान का उद्देश्य सड़क अवसंरचना को सुरक्षित बनाने के साथ लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है। विभाग ने नागरिकों से स्वयं नियमों का पालन करने के साथ परिवार, मित्रों और अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि सड़क पर थोड़ी सावधानी और थोड़ी देरी किसी की जिंदगी बचा सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!