चाईबासालोकल न्यूज़शिक्षा जगत

झींकपानी के जोड़ा पोखर हाई स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर, विद्यार्थियों को बताए कानूनी अधिकार और सुरक्षा उपाय

POCSO एक्ट, सड़क सुरक्षा, मानव तस्करी और बाल संरक्षण योजनाओं की दी गई जानकारी; सर्पदंश पर झाड़-फूंक से बचने की सलाह

चाईबासा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार (झालसा), रांची के निर्देश पर मंगलवार को झींकपानी के जोड़ा पोखर 10+2 हाई स्कूल में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम मौहम्मद शाकिर और सचिव रवि चौधरी के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ।

शिविर का उद्देश्य छात्र-छात्राओं सहित समाज के विभिन्न वर्गों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व एलएडीसी चीफ सुरेन्द्र प्रसाद ने किया।

विद्यार्थियों को POCSO एक्ट की दी जानकारी

सुरेन्द्र प्रसाद ने विद्यार्थियों को जिला विधिक सेवा प्राधिकार की संरचना और कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को POCSO एक्ट के प्रमुख प्रावधानों से अवगत कराया और कहा कि बच्चों को अपने अधिकारों की जानकारी होनी चाहिए।

उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में उचित माध्यम से मदद लेनी चाहिए। इस दौरान सड़क सुरक्षा के प्रति भी जागरूक किया गया और दुर्घटना के बाद गोल्डन आवर के महत्व की जानकारी दी गई।

मानव तस्करी और मुआवजा योजना पर भी चर्चा

शिविर में मानव तस्करी के दुष्परिणाम और इससे बचाव के उपायों के बारे में भी जानकारी दी गई। इसके अलावा सर्पदंश से पीड़ित परिवार को मिलने वाली मुआवजा योजना के संबंध में भी विद्यार्थियों एवं उपस्थित लोगों को बताया गया।

स्पॉन्सरशिप और फॉस्टर केयर योजना की जानकारी

पीएलबी रेणु देवी ने स्पॉन्सरशिप योजना और फॉस्टर केयर योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से जरूरतमंद बच्चों को सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित दस्तावेजों की आवश्यकता होती है।

सर्पदंश पर झाड़-फूंक से बचने की सलाह

पीएलबी सोमा बोस ने विद्यार्थियों को सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक के बजाय तत्काल मरीज को अस्पताल ले जाने की सलाह दी। उन्होंने मौसमी बुखार से बचाव के लिए मच्छरदानी का इस्तेमाल करने और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने पर भी जोर दिया।

कार्यक्रम का संचालन पीएलबी रेणु देवी ने किया। अंत में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ने धन्यवाद ज्ञापन किया। शिविर में विद्यार्थियों एवं विद्यालय के अन्य लोगों ने कानूनी अधिकारों, सुरक्षा और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!