सेवा समर्पण ने सबर परिवारों के बीच बांटी दीपावली की खुशियां, वस्त्र, दीये और मिठाइयां पाकर खिले बच्चों के चेहरे

जादूगोड़ा। दीपावली के पावन अवसर पर सेवा समर्पण संस्था ने सामाजिक सरोकार और मानवता की मिसाल पेश करते हुए झरिया गांव के जरूरतमंद सबर परिवारों के बीच खुशियां बांटीं। संस्था की ओर से सबर परिवारों को वस्त्र, दीये, तेल, मिठाइयां एवं पटाखों का वितरण किया गया। दीपावली से पहले जरूरी सामग्री पाकर बच्चों और ग्रामीणों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।
संस्था की इस पहल का उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद परिवारों को भी दीपावली की खुशियों में शामिल करना रहा। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि त्योहारों की असली सार्थकता केवल स्वयं खुशियां मनाने में नहीं, बल्कि दूसरों के जीवन में भी खुशियों की रोशनी पहुंचाने में है।
इस अवसर पर समाजसेवी विमल बैठा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने सेवा समर्पण संस्था के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए ग्रामीणों को विशेष आर्थिक एवं अन्य सहयोग प्रदान किया, ताकि गांव के सभी परिवार दीपावली के दिन मिल-जुलकर अच्छा भोजन बना सकें और सामूहिक रूप से त्योहार की खुशियां मना सकें। उनके इस सहयोग से ग्रामीणों में विशेष उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली।
मौके पर संस्था के अध्यक्ष विभूति भूषण जेना ने कहा कि सेवा समर्पण संस्था का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित एवं जरूरतमंद परिवारों तक खुशियों की रोशनी पहुंचाना है। संस्था आगे भी जरूरतमंद लोगों की सहायता और सामाजिक उत्थान के लिए निरंतर प्रयास करती रहेगी।
कार्यक्रम में संस्था की सचिव कुमुद शर्मा, मनीषा शर्मा, चंदन, मृत्युंजय पांडेय, शशि पांडेय, हरप्रीत, सूरज, सोनू साव, श्रवण पांडेय, पंकज जी सहित संस्था के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
इस सामाजिक पहल से झरिया गांव के सबर परिवारों की दीपावली खुशियों और उत्साह के साथ मनाने की उम्मीद को नई रोशनी मिली।




