*कांग्रेस भवन में मनाई गई पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती*

चाईबासा : देश के प्रथम प्रधानमंत्री और महान स्वतंत्रता सेनानी पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती शनिवार को कांग्रेस भवन, चाईबासा में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर कांग्रेसजनों ने पंडित नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। साथ ही देश के निर्माण में उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू आधुनिक, वैज्ञानिक, लोकतांत्रिक और आत्मनिर्भर भारत की नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। स्वतंत्रता के बाद कठिन परिस्थितियों में उन्होंने देश को विकास और प्रगति के रास्ते पर आगे बढ़ाया।
उन्होंने कहा कि नेहरू ने औद्योगिक विकास, वैज्ञानिक अनुसंधान, उच्च शिक्षा, कृषि और तकनीकी क्षेत्र को प्राथमिकता दी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थानों, वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्रों, बड़े बांधों और सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों की स्थापना को बढ़ावा देकर देश के विकास का मजबूत आधार तैयार किया।
सोनाराम सिंकु ने कहा कि पंडित नेहरू लोकतंत्र, धर्मनिरपेक्षता, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक सोच को मजबूत राष्ट्र की पहचान मानते थे। बच्चों के प्रति उनके विशेष लगाव के कारण उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। उनके विचार और आदर्श आज भी नई पीढ़ी को प्रेरित करते हैं।
उन्होंने कांग्रेसजनों से नेहरू के बताए मार्ग पर चलने और संविधान, लोकतंत्र तथा देश की एकता-अखंडता की रक्षा के लिए काम करने की अपील की।
इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, प्रखंड अध्यक्ष दिकु सावैयां, सकारी दोंगो, अशोक बारीक, जय प्रकाश महतो, लेओनार्ड बोदरा, मेवालाल होनहागा, रेंगो पुरती, राधा मोहन बनर्जी, सुरसेन तोपनो, जय किशन सालबुनियां, कलीम अख्तर, बुल्लू दास, सिंगराय गोप, मनीष दोंगो, सुशील दास और सुबुद्धि होनहागा सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित थे।




