Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हान

*मनोहरपुर में 5 सितंबर से टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस का प्रायोगिक ठहराव* 

चाईबासा: पश्चिम सिंहभूम जिले के मनोहरपुर क्षेत्र के रेल यात्रियों को जल्द ही बड़ी सुविधा मिलने वाली है। टाटानगर–एर्नाकुलम–टाटानगर एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 18189/18190 का मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव 5 सितंबर से शुरू होगा। शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी और मनोहरपुर के विधायक जगत माझी ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर ठहराव की शुरुआत करेंगे।

इस संबंध में चक्रधरपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक तरुण हरिया ने सांसद जोबा माझी और विधायक जगत माझी को औपचारिक आमंत्रण भेजा है। आमंत्रण पत्र में दोनों से मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर ट्रेन को हरी झंडी दिखाने का अनुरोध किया गया है।

जानकारी के अनुसार मनोहरपुर में एर्नाकुलम एक्सप्रेस के ठहराव की मांग लंबे समय से की जा रही थी। सांसद जोबा माझी ने इस मांग को लेकर लगातार रेल मंत्रालय और रेल अधिकारियों के समक्ष पत्राचार किया तथा अधिकारियों के साथ हुई बैठकों में भी ठहराव की मांग को प्रमुखता से उठाया। इसके बाद रेल मंत्रालय ने 28 अगस्त को ट्रेन के मनोहरपुर स्टेशन पर प्रायोगिक ठहराव को मंजूरी दी थी।

ठहराव शुरू होने से मनोहरपुर और आसपास के क्षेत्र के रेल यात्रियों को टाटानगर के साथ-साथ दक्षिण भारत के विभिन्न शहरों की यात्रा में सुविधा मिलेगी। इससे नौकरी, शिक्षा, व्यवसाय और अन्य कार्यों के लिए दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सांसद जोबा माझी 5 सितंबर की सुबह करीब 6:45 बजे मनोहरपुर रेलवे स्टेशन पर अप टाटानगर–एर्नाकुलम एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगी। कार्यक्रम में चक्रधरपुर रेल मंडल के डीआरएम तरुण हरिया, सीनियर डीसीएम आदित्य चौधरी समेत रेल मंडल के अन्य अधिकारी मौजूद रहेंगे।

एर्नाकुलम एक्सप्रेस के मनोहरपुर में ठहराव की मंजूरी मिलने के बाद क्षेत्र के रेल यात्रियों में भी खुशी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रेन का ठहराव शुरू होने से मनोहरपुर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए एक और महत्वपूर्ण रेल सुविधा उपलब्ध होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!