कोल्हान

चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र बनाने की तैयारी, मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने किया परिभ्रमण

परिजनों के साथ पहुंचे मुख्यमंत्री ने प्राकृतिक सौंदर्य का लिया आनंद, पर्यटन सुविधाओं के आधुनिकीकरण और स्थानीय रोजगार सृजन पर दिया जोर

चांडिल (सरायकेला-खरसावां): झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में शामिल चांडिल डैम को विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में राज्य सरकार ने पहल तेज करने के संकेत दिए हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने अपने परिजनों के साथ चांडिल डैम का परिभ्रमण किया। इस दौरान वे डैम की विहंगम प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से अभिभूत नजर आए। उन्होंने चांडिल डैम को झारखंड के प्रमुख पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन मंगलवार को परिजनों के साथ सरायकेला-खरसावां जिले के धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम पहुंचे। भ्रमण के दौरान उन्होंने डैम परिसर और आसपास के प्राकृतिक परिवेश का आनंद लिया। इस अवसर पर उन्होंने सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ डैम के विकास और पर्यटन की संभावनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चांडिल डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन और चांडिल परियोजना से संबंधित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बिजली उत्सर्जन एवं संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी कार्ययोजना तैयार करने की बात कही।

इको-टूरिज्म से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर

मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। प्राकृतिक सुंदरता से भरपूर इस क्षेत्र को बेहतर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने से न केवल राज्य के पर्यटन को नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने उपायुक्त को निर्देश दिया कि डैम पहुंचने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, पेयजल, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जाए। साथ ही नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को अधिक आधुनिक, सुरक्षित और सुव्यवस्थित करने पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार तथा स्वरोजगार के नए अवसर तैयार किए जाने चाहिए।

पर्यावरण संरक्षण के साथ तैयार होगा विकास का ब्लूप्रिंट

मुख्यमंत्री ने चांडिल डैम और उसके आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण-अनुकूल कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विकास की प्रक्रिया ऐसी होनी चाहिए, जिससे क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और पर्यावरणीय संतुलन प्रभावित न हो। इसके लिए अधिकारियों को सस्टेनेबल डेवलपमेंट ब्लूप्रिंट तैयार करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री की इस पहल से चांडिल डैम को पर्यटन की दृष्टि से नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है। यदि प्रस्तावित योजनाओं को धरातल पर उतारा जाता है, तो यह क्षेत्र पर्यटन, स्थानीय रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण केंद्र बन सकता है।

विधायक एवं प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल के एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता समेत जिला प्रशासन के कई वरीय अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!