*किसान महावीर बुड़ीउली ने स्वरोजगार से लिखी सफलता की कहानी*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के झींकपानी प्रखंड के माटागुटू निवासी 58 वर्षीय प्रगतिशील किसान महावीर बुड़ीउली ने स्वरोजगार के माध्यम से आर्थिक उन्नति की मिसाल पेश की है। उन्होंने मुर्गी, बत्तख, बकरी और मछली पालन के साथ बागवानी को अपनी आमदनी का जरिया बनाया है। करीब नौ एकड़ जमीन पर फैले उनके व्यवसाय में चार बड़े निजी तालाब भी शामिल हैं। इन तालाबों में मछली और बत्तख पालन किया जाता है। महावीर के अनुसार, इन सभी व्यवसायों से उन्हें सालाना करीब नौ लाख रुपये की आमदनी होती है।
महावीर बुड़ीउली के बगीचे में संतरा, नींबू, आम, केला और पपीता सहित कई प्रकार के फलदार पौधे हैं। इसके अलावा वे विभिन्न प्रकार की साग-सब्जियों की भी खेती करते हैं। पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी को एक साथ अपनाकर उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति मजबूत की है।
*जंगल को बनाया पार्क और फैमिली रेस्टोरेंट*
महावीर ने अपनी पुश्तैनी जमीन पर स्थित तालाबों और आसपास के क्षेत्र का सौंदर्यीकरण कर उसे पार्क और फैमिली रेस्टोरेंट का रूप दिया है। छोटी पहाड़ियों से घिरे इस क्षेत्र की बंजर जमीन को उपयोगी बनाने के लिए उन्होंने लाखों रुपये खर्च किए। यहां लोगों के लिए शाकाहारी और मांसाहारी व्यंजनों की व्यवस्था है। उन्होंने बताया कि करीब 15 वर्ष पहले छोटे स्तर पर स्वरोजगार की शुरुआत की थी। धीरे-धीरे अपने प्रयासों से व्यवसाय का विस्तार किया और अब पार्क व रेस्टोरेंट भी उनकी आमदनी का माध्यम बन गया है।
स्वरोजगार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए रविवार को आदिवासी हो समाज के बुद्धिजीवियों ने महावीर बुड़ीउली को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। पास में स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज को ध्यान में रखते हुए उन्होंने मोरा हो मेमोरियल बोटेनिकल पार्क एवं रेस्टोरेंट शुरू करने की पहल की। रविवार को हो साहित्यकार डोबरो बुड़ीउली ने आदिवासी रीति-रिवाज के साथ फीता काटकर इसका उद्घाटन किया।
इस मौके पर माटागुटू के ग्राम मुंडा चिरिया बुड़ीउली, टूटूगुटू के मुंडा ब्रजमोहन पुरती, डीएसपी समीर सावैयां, सामाजिक कार्यकर्ता कुसुम केराई, संजय बुड़ीउली, बबलू सावैयां, अविनाश कोड़ाह, तुरी सुंडी, सुखलाल पुरती, विश्वनाथ तामसोय, अशोक सुंडी, रामेश्वर सावैयां और तिलक बारी सहित अन्य लोग मौजूद थे।
महावीर ने बताया कि स्वरोजगार से हुई आमदनी से वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा दिला पा रहे हैं। उनकी बेटी मौसमी सिंधु बुड़ीउली बीआईटी मेसरा में कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रही हैं, जबकि बेटा मोहित शेखर बुड़ीउली बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, रांची में अध्ययनरत है।
महावीर का कहना है कि उन्होंने इस व्यवसाय में अपनी पूंजी लगाई और बिना किसी सरकारी सहायता के धीरे-धीरे इसे आगे बढ़ाया। उनका प्रयास बताता है कि पशुपालन, मत्स्य पालन और बागवानी को जोड़कर ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के अवसर पैदा किए जा सकते हैं।




