कोल्हान

*चाईबासा गौशाला के 126वें वार्षिकोत्सव एवं गोपाष्टमी मेले का शुभारंभ, डीसी ने 11 हजार रुपये दिए सहयोग*

चाईबासा: श्री चाईबासा गौशाला का 126वां वार्षिकोत्सव एवं तीन दिवसीय गोपाष्टमी मेला मंगलवार को देर शाम धार्मिक और सांस्कृतिक माहौल में शुरू हुआ। 17 से 19 नवंबर तक आयोजित मेले का उद्घाटन पंचखंड पीठाधीश्वर आचार्य सोमेन्द्र महाराज, उपायुक्त मनीष कुमार, प्रशिक्षु आईएएस ईरा जोरवाल, चाईबासा नगर परिषद अध्यक्ष नितिन प्रकाश, उपाध्यक्ष विकास शर्मा और सरायकेला नगर परिषद अध्यक्ष मनोज चौधरी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

मुख्य अतिथि आचार्य सोमेन्द्र महाराज ने चाईबासा गौशाला की व्यवस्था और गौसेवा की सराहना करते हुए कहा कि देश में सैकड़ों गौशालाएं हैं, लेकिन चाईबासा गौशाला की व्यवस्था अतुलनीय है। 126वें वार्षिकोत्सव का आयोजन यह बताता है कि संस्था ने गौसेवा के 125 वर्ष पूरे कर लिए हैं। उन्होंने कहा कि गौशाला में विभिन्न प्रकार के आयुर्वेदिक उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। गोबर से भी कई उपयोगी वस्तुएं बनाई जा सकती हैं, जिनकी बाजार में अच्छी कीमत मिल सकती है। इससे गौशाला की आय बढ़ाने में मदद मिलेगी।

आचार्य सोमेन्द्र महाराज ने उपायुक्त से गौशाला की समस्याओं पर विशेष ध्यान देने की अपील करते हुए जमीन की लीज, पट्टा और चारदीवारी निर्माण में सहयोग करने का आग्रह किया।

विशिष्ट अतिथि उपायुक्त मनीष कुमार ने गौशाला के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर उन्हें काफी अच्छा लगा। गौसेवा और गौवंश के संरक्षण के लिए गौशाला द्वारा किए जा रहे कार्यों से प्रभावित होकर उन्होंने कार्यक्रम के दौरान अपनी ओर से 11 हजार रुपये सहयोग राशि प्रदान की। इसके बाद उन्होंने रेड क्रॉस सोसाइटी की ओर से आयोजित स्वास्थ्य शिविर का फीता काटकर उद्घाटन किया। साथ ही गौशाला के मुख्य द्वार का भी उद्घाटन किया। उपायुक्त ने गौशाला में रखी गई लगभग 350 गायों का निरीक्षण किया और मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का जायजा लिया।

कार्यक्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुमार, सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाहमन टूटी और सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार भी उपस्थित रहे।

गौशाला के सचिव प्रतिवेदन में संस्था की 126 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। बताया गया कि वर्ष 1901 में समाजसेवियों और पूर्वजों ने गौसेवा के उद्देश्य से संस्था की स्थापना की थी। तब से गौशाला निराश्रित और असहाय गौवंश के संरक्षण का काम कर रही है।

मेले में स्थानीय शिल्पकारों और कुटीर उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए हस्तशिल्प दुकानें लगाई गई हैं। किसानों और युवाओं को आधुनिक एवं जैविक खेती की जानकारी देने के लिए कृषि स्टॉल लगाए गए हैं। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले और विभिन्न व्यंजनों की दुकानें भी आकर्षण का केंद्र हैं। इस अवसर पर गौशाला की स्मारिका ‘गोकुल 2026’ का विमोचन किया गया।

### गौशाला की समस्याओं को उठाया

सचिव प्रतिवेदन में गौशाला परिसर की चारदीवारी नहीं होने और जमीन की लीज का नवीनीकरण लंबित रहने की समस्या उठाई गई। इससे गौवंश की सुरक्षा और विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से इन समस्याओं के समाधान में सहयोग मांगा गया।

कार्यक्रम में गौशाला के पदाधिकारियों, संरक्षक सदस्यों, कार्यकारिणी सदस्यों, आजीवन सदस्यों, दानदाताओं, मेला समिति के कार्यकर्ताओं और गौभक्तों के प्रति आभार जताया गया। संस्था के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का मंच संचालन संजय चौबे ने किया। लोगों से तीन दिवसीय मेले में सपरिवार शामिल होकर गौसेवा में सहयोग करने की अपील की गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!