कोल्हान

*45 दिन का प्रशिक्षण पूरा करने वाले 43 युवाओं को मिला प्रमाण पत्र*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में मंगलवार को प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के बहु-कौशल विकास प्रशिक्षण केंद्र पाताहातु, चाईबासा के 43 प्रशिक्षित युवाओं के बीच प्रमाण पत्र का वितरण किया गया। उपायुक्त मनीष कुमार ने अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा की उपस्थिति में युवाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए।

इन युवाओं ने संस्था के आवासीय प्रशिक्षण केंद्र में 45 दिवसीय चारपहिया वाहन और दोपहिया इलेक्ट्रिक वाहन प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा किया है। प्रशिक्षण के बाद कई युवाओं को विभिन्न कंपनियों और संस्थानों में रोजगार मिला है। इनमें शंकराचार्य मोटर्स चाईबासा, श्रेयांश मीटर्स जमशेदपुर, सुखचैन मोटर्स बड़ाजामदा, पीसी ट्रेडर्स चाईबासा और प्रीकॉल इंडिया प्राइवेट लिमिटेड पुणे शामिल हैं।

प्रशिक्षण के दौरान युवाओं को वाहन से जुड़ी तकनीकी जानकारी के साथ कार्यस्थल पर जरूरी व्यवहारिक और व्यावसायिक कौशल भी सिखाए गए। इसमें गूगल के डिजिटल साधनों का उपयोग, कार्यस्थल पर महिलाओं के प्रति लैंगिक उत्पीड़न की रोकथाम, साक्षात्कार कौशल और व्यक्तित्व विकास की जानकारी दी गई।

इस मौके पर उपायुक्त मनीष कुमार ने युवाओं को बधाई देते हुए कहा कि कौशल प्रशिक्षण आत्मनिर्भर बनने और रोजगार पाने का अच्छा माध्यम है। नौकरी के दौरान अनुशासन, समय की पाबंदी और जिम्मेदारी के साथ काम करना जरूरी है। युवाओं को लगातार नई तकनीक सीखते रहना चाहिए।

अपर उपायुक्त किस्टो कुमार बेसरा ने कहा कि प्रशिक्षण की असली सफलता उसके ज्ञान और कौशल का रोजगार में उपयोग करने से मिलती है। उन्होंने युवाओं से पूरी निष्ठा और लगन के साथ काम करने की अपील की।

कार्यक्रम में युवाओं के साथ केक काटकर प्रशिक्षण पूरा होने का उत्सव मनाया गया और विदाई समारोह भी आयोजित किया गया। इस अवसर पर गिरि प्रसाद, प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन के राज्य समन्वयक बुलबुल कुमार दास, प्रशिक्षण केंद्र की पूरी टीम और अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!