*11 से 13 दिसंबर तक होगा 27वां अखिल भारतीय बाल नाट्य एवं लोक कला महोत्सव*

जमशेदपुर: जयालक्ष्मी नाट्य कला मंदिरम, जमशेदपुर की एक बैठक भालूबासा सेंटर, टाटा स्टील फाउंडेशन में संस्था के निर्देशक ए बाबू राव की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी जयालक्ष्मी स्मृति बाल नाट्य महोत्सव की तैयारियों और कार्यक्रमों की रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार 27वीं अखिल भारतीय बाल नाट्य, लोक नृत्य, गीत और वाद्ययंत्र प्रतियोगिता का आयोजन 11 से 13 दिसंबर 2026 तक बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन प्रेक्षागृह में किया जाएगा। यह कार्यक्रम टाटा वर्कर्स यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा।
संस्था के निर्देशक ए बाबू राव ने बताया कि 11 दिसंबर को दोपहर 3.15 बजे उद्घाटन समारोह होगा। इसके बाद शाम 4 बजे से नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 12 दिसंबर को दोपहर 3.30 बजे नाट्य प्रतियोगिता होगी। वहीं, 13 दिसंबर को सुबह 9 से 11 बजे तक रंग जुलूस और नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा। मेहंदी और रंगोली प्रतियोगिता 11 और 12 दिसंबर को होगी। वाद्ययंत्र और गीत प्रतियोगिता भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित की जाएगी। अंतिम दिन शाम 5.45 बजे से रंगारंग कार्यक्रम, सम्मान समारोह और पुरस्कार वितरण होगा।
ए बाबू राव ने बताया कि प्रतियोगिताओं में पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर प्रविष्टियां स्वीकार की जाएंगी। एकल नृत्य में 40, युगल नृत्य में 20 और समूह नृत्य में 15 समूहों को ही मौका मिलेगा। नाट्य प्रतियोगिता में अधिकतम आठ नाटक शामिल किए जाएंगे।
अब तक एकल नृत्य में 10, युगल नृत्य में चार और समूह नृत्य में 13 प्रविष्टियां प्राप्त हो चुकी हैं। वहीं, नाटक प्रतियोगिता के लिए चार नाटकों की प्रविष्टि मिल चुकी है।
उन्होंने विद्यालयों और विभिन्न संस्थाओं से जल्द प्रविष्टियां भेजने की अपील की। साथ ही बाल एवं युवा कलाकारों, अभिभावकों, शिक्षकों, प्रधानाचार्यों, प्रेस प्रतिनिधियों और प्रशासन से कार्यक्रम में शामिल होकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाने का आग्रह किया।




