कोल्हान

जमशेदपुर में 27-28 अक्टूबर को लगेगा निःशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर, दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल

जमशेदपुर। दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और उनके जीवन में नई उम्मीद जगाने के उद्देश्य से जमशेदपुर में 27 एवं 28 अक्टूबर को निःशुल्क कृत्रिम हाथ वितरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। हेल्प क्रॉस सोसाइटी और पुणे की इनाली फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में यह शिविर माइकल जॉन ऑडिटोरियम में आयोजित होगा। शिविर के माध्यम से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आधुनिक तकनीक से तैयार कृत्रिम हाथ निःशुल्क उपलब्ध कराए जाएंगे, जिससे वे दैनिक जीवन के कार्यों को अधिक आसानी से कर सकें।

इस संबंध में हेल्प क्रॉस सोसाइटी के संरक्षक एवं पूर्व खादी बोर्ड सदस्य कुलवंत सिंह बंटी, अध्यक्ष बी.के. शर्मा तथा सचिव बिनोद कसेरा ने उपायुक्त राजीव रंजन से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने उपायुक्त को शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया।

कुलवंत सिंह बंटी ने बताया कि यह पहल झारखंड, बिहार, पश्चिम बंगाल और ओडिशा के दिव्यांगजनों के लिए विशेष महत्व रखती है। शिविर का मुख्य उद्देश्य शारीरिक चुनौतियों का सामना कर रहे लोगों को आधुनिक तकनीक की सहायता से स्वावलंबी बनाना और उन्हें सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने बताया कि इनाली फाउंडेशन की आधुनिक तकनीक से तैयार कृत्रिम हाथों की मदद से लाभार्थी पानी पीने, लिखने और दैनिक जीवन के कई जरूरी कार्य करने में सक्षम हो सकेंगे। इसके अलावा, उपयुक्त परिस्थितियों में मोटरसाइकिल चलाने जैसे कार्यों में भी इन कृत्रिम हाथों से सहायता मिल सकती है।

कुलवंत सिंह बंटी ने कहा कि दिव्यांगजनों के भीतर आत्मविश्वास बढ़ाना, उन्हें आत्मनिर्भर बनाना और समाज की मुख्यधारा से जोड़ना इस शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने आम नागरिकों और सामाजिक संगठनों से अपील की कि शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति इस सुविधा से वंचित न रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!