एमवे इंडिया का स्टोर नेटवर्क बढ़ाने पर जोर, देशभर में 85 से अधिक स्टोर संचालित; अगले 3-4 वर्षों में विस्तार की योजना

जमशेदपुर। स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती क्षेत्र की प्रमुख कंपनी एमवे इंडिया ने देश के प्रमुख बाजारों में अपने स्टोर नेटवर्क का विस्तार करने की घोषणा की है। कंपनी की इस पहल का उद्देश्य ग्राहकों और डिस्ट्रीब्यूटर्स के बीच सहभागिता बढ़ाने के साथ भारत में अपनी दीर्घकालिक विकास रणनीति को और मजबूत करना है।
इस विस्तार अभियान की शुरुआत एमवे के प्रेसिडेंट एवं सीईओ माइकल नेल्सन ने गुरुग्राम में नए स्टोर और एक्सपीरियंस सेंटर का उद्घाटन कर की। कंपनी ने पिछले वर्ष 100 करोड़ रुपये के निवेश की घोषणा की थी। इस निवेश का एक हिस्सा स्टोर नेटवर्क के विस्तार और मौजूदा केंद्रों के आधुनिकीकरण पर खर्च किया जाना था।
माइकल नेल्सन ने कहा कि एमवे की वैश्विक विकास यात्रा में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका है। भारतीय उपभोक्ताओं में स्वास्थ्य और तंदुरुस्ती के प्रति बढ़ती जागरूकता को देखते हुए कंपनी ऐसे केंद्र विकसित कर रही है, जहां ग्राहक उत्पादों को करीब से समझ सकें और डिस्ट्रीब्यूटर्स के साथ सीधे जुड़ सकें।
वहीं, एमवे इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर रजनीश चोपड़ा ने कहा कि कंपनी के स्टोर केवल बिक्री केंद्र नहीं हैं, बल्कि ग्राहकों के साथ मजबूत संबंध स्थापित करने और समुदाय विकसित करने के महत्वपूर्ण मंच हैं। कंपनी स्वास्थ्य, आर्थिक सशक्तिकरण और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों की पहुंच बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
देशभर में 85 से अधिक स्टोर, कई शहरों में हुआ विस्तार
वर्तमान में एमवे इंडिया के देशभर में 85 से अधिक स्टोर संचालित हैं। पिछले कुछ महीनों के दौरान कंपनी ने 14 से अधिक स्टोर खोले हैं या उनका नवीनीकरण किया है। इनमें पुणे, कोलकाता, सिलीगुड़ी, इम्फाल, भागलपुर, अहमदाबाद और आगरा जैसे शहर शामिल हैं।
कंपनी की योजना अगले तीन से चार वर्षों में नए स्टोर खोलने और मौजूदा केंद्रों को आधुनिक बनाने की है। इसके माध्यम से ग्राहकों को बेहतर अनुभव उपलब्ध कराने और डिस्ट्रीब्यूटर्स के नेटवर्क को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाएगा।
भारत में परिचालन के 30 वर्ष पूरे करने की दिशा में आगे बढ़ रही एमवे इंडिया का लक्ष्य देश में अपने डायरेक्ट सेलिंग नेटवर्क का विस्तार करना और ग्राहकों के साथ जुड़ाव को और मजबूत बनाना है। कंपनी का मानना है कि आधुनिक स्टोर और एक्सपीरियंस सेंटर उसकी दीर्घकालिक विकास रणनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।




