कोल्हान

*आईटीआई जगन्नाथपुर में दीक्षांत समारोह, वेल्डर लैब का उद्घाटन*

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर स्थित आईटीआई में नए प्रशिक्षण सत्र 2026–28 के इंडक्शन कार्यक्रम के समापन पर दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर संस्थान में नवनिर्मित वेल्डर लैब का उद्घाटन टाटा स्टील, नोआमुंडी के माइन प्लानिंग एंड प्रोजेक्ट के चीफ अवनीश कुमार ने किया। लैब शुरू होने से प्रशिक्षुओं को व्यावहारिक और कौशल आधारित प्रशिक्षण की बेहतर सुविधा मिलेगी।

समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में टाटा स्टील के काटामाटी माइंस के हेड अजय गोयल, टाटा स्टील फाउंडेशन के यूनिट हेड संदीप केसरवानी, बिरसा कृषि विश्वविद्यालय, जगन्नाथपुर के विनय कुमार, टीएसएफ के स्किल डेवलपमेंट असिस्टेंट मैनेजर शुभम, टीएसएफ के मैनेजर-इन्फ्रास्ट्रक्चर श्रीदीप रॉय और मालुका के हरिश्चंद्र बोबोंगा मुंडा सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत रतन टाटा की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र निर्माण और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया।

समारोह के दौरान नए प्रशिक्षुओं ने विभिन्न परियोजनाओं का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। इन गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षुओं ने अपनी तकनीकी समझ, रचनात्मकता और प्रतिभा का परिचय दिया।

आईटीआई जगन्नाथपुर के प्राचार्य डॉ. अजय पांडेय ने अतिथियों का स्वागत किया। अपने संबोधन में अतिथियों ने प्रशिक्षुओं को तकनीकी शिक्षा के महत्व, अनुशासन, मेहनत और निरंतर सीखने की आवश्यकता के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं के साथ व्यावहारिक प्रशिक्षण युवाओं को रोजगार के योग्य बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

नवनिर्मित वेल्डर लैब का उद्देश्य प्रशिक्षुओं को उद्योग की जरूरतों के अनुरूप तकनीकी कौशल विकसित करने का अवसर देना है। इससे उन्हें बेहतर प्रशिक्षण वातावरण मिलेगा और रोजगार की संभावनाओं को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!