दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका संघ ने दी श्रद्धांजलि
करनडीह प्रखंड परिसर में आयोजित शोक सभा में सेविका-सहायिकाओं ने चित्र पर माल्यार्पण कर व्यक्त किया गहरा शोक

जमशेदपुर:- झारखंड राज्य आंगनबाड़ी सेविका सहायिका संघ, जिला कमेटी पूर्वी सिंहभूम के बैनर तले सोमवार को करनडीह प्रखंड परिसर में दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के असामयिक निधन पर शोक सभा का आयोजन किया गया। प्रदेश केंद्रीय कमेटी के 7 सितंबर को लिए गए निर्णय के आलोक में आयोजित इस शोक सभा में बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाएं शामिल हुईं।
सभा के दौरान संघ के सदस्यों ने दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन संघ की प्रदेश अध्यक्ष माला देवी ने किया।
आंगनबाड़ी सेविका-सहायिकाओं के हित में किए गए कार्यों को किया याद
इस अवसर पर संघ की जिला संरक्षक श्रीमती सोमा महतो ने कहा कि संघ के प्रधान संरक्षक सुशील कुमार पांडेय के अनुरोध पर दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने आंगनबाड़ी सेविका और सहायिकाओं के हित में महत्वपूर्ण पहल की थी।
उन्होंने कहा कि दिवंगत मंत्री के प्रयास से सेविका-सहायिकाओं के लिए सेवा शर्त नियमावली बनाने, मानदेय में एकमुश्त साढ़े चार हजार रुपये की वृद्धि, वार्षिक 500 रुपये की वृद्धि तथा अनुकंपा के आधार पर बहाली का प्रावधान कराने में महत्वपूर्ण सहयोग मिला।
सोमा महतो ने कहा कि उनके निधन से संघ ने एक संवेदनशील शुभचिंतक और अभिभावक को खो दिया है। उनकी कार्यशैली, दूरदर्शी सोच और जनहित से जुड़े कार्यों को लंबे समय तक याद किया जाएगा।
दिवंगत आत्मा की शांति के लिए की प्रार्थना
शोक सभा में उपस्थित सेविका-सहायिकाओं ने दिवंगत मंत्री की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से उनके शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना की गई।
शोक सभा में जिला अध्यक्ष आरती, सचिव राखी देवी, पुष्पा गोप, बीजों मुर्मू, शांति लता टुडू, हीरा मुर्मू, सन्नी सिरका, फूलों हेम्ब्रम और ममता कुमारी समेत दर्जनों आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका मौजूद थीं।
उक्त जानकारी प्रकाश महतो ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।




