सरायकेला-खरसावां में पठन जागरूकता रथ रवाना, स्कूलों तक पहुंचेगी पढ़ने की संस्कृति
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना, बच्चों को रोचक पुस्तकों और पठन आधारित गतिविधियों से जोड़ने की पहल

सरायकेला-खरसावां:- बच्चों में नियमित पठन की आदत विकसित करने, पुस्तकों के प्रति रुचि बढ़ाने और जिले में पठन संस्कृति को मजबूत करने के उद्देश्य से बुधवार को जिला मुख्यालय, सरायकेला-खरसावां से पठन जागरूकता रथ रवाना किया गया। उपायुक्त श्री नितिश कुमार सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया।
यह पहल जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं विद्यालयों तक पठन आधारित गतिविधियों को पहुंचाने तथा अधिक से अधिक बच्चों को पुस्तकों और पढ़ने की गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू की गई है।
पठन जागरूकता रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न विद्यालयों में बच्चों के साथ पठन आधारित एवं रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। बच्चों को उनकी आयु और रुचि के अनुरूप पुस्तकों से जोड़ने, स्वतंत्र रूप से पढ़ने के लिए प्रेरित करने तथा पढ़ी गई कहानियों एवं विषयों पर चर्चा के अवसर उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
इस पहल का उद्देश्य पठन को केवल पाठ्यपुस्तकों और परीक्षाओं तक सीमित न रखते हुए बच्चों के सीखने और आनंद का हिस्सा बनाना है। नियमित पठन से बच्चों के शब्द-भंडार, भाषा की समझ, अभिव्यक्ति क्षमता और आत्मविश्वास के विकास में मदद मिलने की उम्मीद है। साथ ही विद्यालयों में आनंददायक एवं सकारात्मक पठन वातावरण विकसित करने की दिशा में भी यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
पठन जागरूकता रथ की पहल Foundational Literacy and Numeracy (FLN) के लक्ष्यों को मजबूत करने में भी सहायक होगी। विद्यालय स्तर पर पठन गतिविधियों को बढ़ावा देकर बच्चों के बुनियादी भाषा कौशल और सीखने की क्षमता को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
रथ के शुभारंभ के अवसर पर जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री कैलाश मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक श्री अमित कुमार सहित जिले के विभिन्न पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में श्री आशीष कुमार, Room to Read तथा आदर्श पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।




