Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurशासन प्रशासन

जिला आयुष समिति की बैठक में उपायुक्त ने दिए निर्देश, ग्रामीण क्षेत्रों तक बढ़ेगी आयुष सेवाओं की पहुंच

50 शय्यायुक्त धनवंतरी आयुष अस्पताल को जल्द शुरू करने पर जोर, स्कूलों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य जांच व जागरूकता कैंप लगाने का निर्देश

जमशेदपुर:- समाहरणालय में उपायुक्त श्री राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला आयुष समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय आयुष मिशन के तहत जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ-साथ आयुष चिकित्सा सेवाओं को ग्रामीण एवं दूर-दराज के क्षेत्रों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान ऑस्टियोअर्थराइटिस कैंप, वयोमित्र कैंप, आयुर्विद्या करुणा, आयुष ग्राम, आदिम जनजातीय समुदाय के बीच मासिक स्वच्छता कार्यक्रम सहित अन्य आयुष आधारित स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन पर चर्चा हुई। उपायुक्त ने कहा कि आयुष चिकित्सा पद्धति के माध्यम से लोगों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

उपायुक्त ने राज्य से प्राप्त राशि के अनुरूप कार्ययोजना तैयार कर सभी प्रखंडों एवं विद्यालयों में स्वास्थ्य जांच और जागरूकता कैंप आयोजित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कैंप के माध्यम से बच्चों, बुजुर्गों और अन्य जरूरतमंद लोगों को आयुष चिकित्सा पद्धति, योग, स्वस्थ जीवनशैली एवं खान-पान के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में कदमा स्थित नवनिर्मित 50 शय्यायुक्त धनवंतरी आयुष अस्पताल की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने अस्पताल में आवश्यक विद्युत कनेक्शन सहित अन्य आधारभूत सुविधाएं शीघ्र सुनिश्चित करने तथा अस्पताल को जल्द आमजनों के लिए शुरू करने का निर्देश दिया।

उन्होंने जिले के दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों और आदिम जनजातीय समुदाय के बीच विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने को कहा। ऐसे क्षेत्रों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया, जहां लोगों की स्वास्थ्य सुविधाओं तक पहुंच अपेक्षाकृत कम है।

स्वास्थ्य शिविरों में स्वास्थ्य जांच, आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श और आयुष चिकित्सा सेवाओं के साथ स्वच्छता, पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली को लेकर जागरूकता गतिविधियां संचालित करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में जिला आयुष समिति के उपाध्यक्ष सह उप विकास आयुक्त श्री नागेन्द्र पासवान, सिविल सर्जन डॉ. साहिर पाल, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, जिला आयुष चिकित्सा पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी के प्रतिनिधि, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (JSLPS), जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) समेत अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!