Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
पश्चिमी सिंहभूममनोहरपुर

पश्चिमी सिंहभूम के बलिया में कारो नदी में नाव पलटी, 28 वर्षीय युवक की डूबने से मौत; दूसरे दिन बरामद हुआ शव

राशन का चावल लेकर नाव से गांव लौट रहा था युवक, नाव में सवार दो ग्रामीण तैरकर निकले बाहर; पुल नहीं होने से नाव ही आवागमन का मुख्य साधन

मनोहरपुर: पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा प्रखंड अंतर्गत गम्हरिया पंचायत के बलिया गांव निवासी 28 वर्षीय मनियां सुरीन की कारो नदी में नाव पलटने से डूबकर मौत हो गई। घटना शनिवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार मनियां सुरीन कोकोगोदाह गांव से राशन का चावल लेकर नाव के जरिए अपने गांव बलिया लौट रहा था। नाव में कुल तीन ग्रामीण सवार थे। नदी के बीच अचानक नाव का संतुलन बिगड़ गया और नाव पलट गई। नाव में सवार दो ग्रामीण किसी तरह तैरकर नदी से बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि मनियां सुरीन गहरे पानी में डूबने के बाद लापता हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों ने स्थानीय स्तर पर नदी में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन शनिवार को सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह करीब 7 बजे रेला स्कूल के समीप नदी में खोजबीन के दौरान ग्रामीणों ने मनियां सुरीन का शव बरामद किया। शव मिलने की सूचना के बाद बलिया गांव में मातम पसर गया और मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार बलिया और कोकोगोदाह के बीच आवागमन के लिए नाव ही मुख्य साधन है। दोनों गांवों के बीच पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर कारो नदी पार करनी पड़ती है। हादसे के बाद क्षेत्र में दहशत और चिंता का माहौल है। घटना की सूचना गोइलकेरा थाना प्रभारी को दे दी गई है। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!