चाईबासा: विश्व पर्यटन दिवस पर CRPF की 134वीं वाहिनी ने आकाईशिड़ा जलप्रपात में चलाया स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति किया जागरूक
कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों, जवानों और ग्रामीणों ने की जलप्रपात परिसर की साफ-सफाई, पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने का दिया संदेश

चाईबासा: विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर 27 सितंबर 2026 को सीआरपीएफ की 134वीं वाहिनी, जाराईकेला की ओर से आकाईशिड़ा जलप्रपात में स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वाहिनी के कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह ने किया। स्वच्छता अभियान के दौरान सीआरपीएफ के अधिकारियों, जवानों और स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से जलप्रपात परिसर एवं आसपास के पर्यटन क्षेत्रों में साफ-सफाई की। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर बिखरे कचरे को एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया गया। साथ ही उपस्थित लोगों को पर्यटन स्थलों की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कमांडेंट त्रिलोक नाथ सिंह ने कहा कि पर्यटन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि स्थानीय समुदाय और पर्यटकों का भी सामूहिक दायित्व है। उन्होंने सभी से पर्यटन स्थलों को स्वच्छ रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय योगदान देने की अपील की। इस अवसर पर 134वीं वाहिनी के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (एसजी) डॉ. कुंदन कुमार, सहायक कमांडेंट सुधीर कुमार, अधीनस्थ अधिकारी, जवान, मकरंदा पंचायत की मुखिया रानी मुंडूईया सहित अन्य लोग उपस्थित रहे। स्थानीय ग्रामीणों ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। सीआरपीएफ की 134वीं वाहिनी की ओर से बताया गया कि स्थानीय समुदाय के साथ समन्वय स्थापित कर सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से संबंधित कार्यक्रमों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है।




