Muri : सिल्ली-मुरी में लगातार बारिश से जलजमाव, घरों और स्कूलों में घुसा पानी
सिंगपुर चौक से नर्सिंग होम तक सड़क बनी जलधारा, जनजीवन बुरी तरह प्रभावित

मुरी : सिल्ली-मुरी क्षेत्र में पिछले दो दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। सबसे अधिक प्रभावित सिंगपुर चौक से सिंगपुर नर्सिंग होम जाने वाली सड़क है, जहां सड़क पर नदी की तरह पानी बह रहा है। जलभराव के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया है और दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार बारिश के बाद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से स्थिति और गंभीर हो गई है। सड़क पर जमा पानी के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : 15 वर्षों की सेवा का मिला प्रतिफल, रोटरी क्लब के लगाए फलदार पौधे बने ग्रामीणों की आय का स्रोत
सिंगपुर सरकारी स्कूल और आसपास के घरों में घुसा पानी
बारिश का पानी सिंगपुर सरकारी स्कूल परिसर और उसके आसपास स्थित कई घरों में घुस गया है। इससे परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। ग्रामीणों के अनुसार घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य आवश्यक सामान पानी में भीगकर खराब हो गए हैं। स्कूल भवन में भी पानी भर जाने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हुई है और शैक्षणिक गतिविधियां बाधित हो गई हैं। कई परिवारों के लिए घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के मौसम में ऐसी स्थिति बनती है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला जा सका है।
इसे भी पढ़ें : Ghatsila : घाटशिला में 11-12 अक्टूबर को होगा असेका का दो दिवसीय प्रांतीय महाधिवेशन, ओल चिकी और संताली संस्कृति पर होगा मंथन
बंद पुलिया खोलने और सड़क मरम्मत की उठी मांग
ग्रामीणों ने बताया कि पहले क्षेत्र में पानी निकासी के लिए एक पुलिया (कलवर्ट) थी, लेकिन उसके बंद हो जाने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष इस समस्या से संबंधित जानकारी सिल्ली विधायक अमित कुमार महतो को दी गई थी। बाद में सिल्ली की अंचल अधिकारी अरुणिमा एक्का भी प्रशासनिक टीम के साथ मौके पर पहुंची थीं और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया था। ग्रामीणों ने अब जिला प्रशासन से तत्काल बंद पुलिया को खोलने, जल निकासी के लिए नालियों का निर्माण कराने तथा सिंगपुर चौक से नर्सिंग होम तक सड़क की मरम्मत के लिए फंड जारी कर शीघ्र कार्य शुरू कराने की मांग की है।



