Jamshedpurजमशेदपुरशासन-प्रशासन

जमशेदपुर: बागबेड़ा कॉलोनी में जलापूर्ति की अनियमितता पर डीसी को 15 सूत्री मांग पत्र

1.88 करोड़ रुपये की लागत से बने फिल्टर पंप हाउस के बावजूद 1140 क्वार्टरों में नियमित पानी नहीं मिलने की शिकायत

जमशेदपुर: बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी में निर्धारित समय पर नियमित, पर्याप्त एवं शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मांग को लेकर पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं श्रवण मिश्रा ने स्थानीय लोगों के साथ उपायुक्त राजीव रंजन को 15 सूत्री मांग पत्र सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने कॉलोनी में जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के साथ-साथ पानी टंकी और फिल्टर पंप हाउस की तकनीकी एवं गुणवत्ता जांच की मांग की।

1.88 करोड़ की लागत के बाद भी जलापूर्ति में समस्या

सुनील गुप्ता ने कहा कि वर्ष 2025 में करीब 1.88 करोड़ रुपये की लागत से बिष्टुपुर में नया फिल्टर पंप हाउस बनाया गया। इसके बावजूद बागबेड़ा हाउसिंग कॉलोनी के करीब 1140 क्वार्टरों में रहने वाले लोगों को नियमित और पर्याप्त जलापूर्ति नहीं मिल रही है। उन्होंने बागबेड़ा की पानी टंकी के जर्जर होने की बात भी उठाई।

निर्माण और तकनीकी व्यवस्था की जांच की मांग

मांग पत्र में नए फिल्टर पंप हाउस के निर्माण से संबंधित स्वीकृति, प्राक्कलन, कार्यादेश, मापी पुस्तिका, भुगतान और गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की गई है। इसके अलावा मोटर, फुटबॉल्व, पाइपलाइन और संप की तकनीकी जांच, संवेदक एवं संबंधित पदाधिकारियों की भूमिका की जांच तथा पानी के नमूनों की अधिकृत प्रयोगशाला से जांच कराने की मांग रखी गई।

प्रतिनिधिमंडल ने पानी टंकी और संप की नियमित सफाई, प्रशिक्षित एवं रात्रिकालीन ऑपरेटर की व्यवस्था तथा सुबह-शाम निर्धारित समय पर जलापूर्ति बहाल करने की मांग की। ग्राम पेयजल एवं स्वच्छता समिति की नियमित बैठक कराने की मांग भी मांग पत्र में शामिल है।

डीसी ने दिए जलापूर्ति सुधार के निर्देश

उपायुक्त राजीव रंजन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता शिव कुमार दिनकर को निर्धारित समय पर जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा जर्जर पानी टंकी को दुरुस्त कराने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि यदि समस्या का समाधान नहीं होता है तो जांच कमेटी गठित कर मामले की जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!