
झींकपानी: जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया झारखंड, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में एक दिवसीय जूनियर रंगीन बेल्ट कराटे ग्रेडिंग परीक्षा झींकपानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा का आयोजन जेकेएआई झींकपानी शाखा के मुख्य कराटे प्रशिक्षण केंद्र संत टेरेसा स्कूल, कुम्हार टोली में किया गया।
परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों की किहोन, काता, कुमिते और शारीरिक क्षमता की जांच की गई। इसके अलावा खिलाड़ियों की कराटे संबंधी समझ का आकलन करने के लिए मौखिक परीक्षा भी ली गई।
सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने ली परीक्षा
परीक्षा का संचालन जापान कराटे एसोसिएशन ऑफ इंडिया झारखंड के मुख्य कराटे प्रशिक्षक एवं परीक्षक सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने किया। वे जापान से छठी डान की ब्लैक बेल्ट प्राप्त प्रशिक्षक हैं।
परीक्षा को सफल बनाने में सेंसाई देवाशीष प्रसाद खनडाईत ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वे जापान से तीसरी डान की ब्लैक बेल्ट प्राप्त प्रशिक्षक हैं।
परीक्षा में संत टेरेसा स्कूल झींकपानी शाखा के सात कराटे खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
कशिश सवैंया का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
परीक्षा में कशिश सवैंया ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। जूनियर रंगीन बेल्ट परीक्षा में दिव्या कोड़ा ने छठी क्यू हरी बेल्ट प्राप्त की।
वहीं प्रिय हंसिनी तिरिया, अंजलि बंकुरा, स्मृति रानी पन्ना और आर्यन केरकेट्टा ने पांचवीं क्यू बैंगनी बेल्ट हासिल की। कशिश सवैंया ने चौथी क्यू बैंगनी पट्टी बेल्ट प्राप्त की।
तकनीकी क्षमता और अनुशासन का मूल्यांकन उद्देश्य
मुख्य कराटे प्रशिक्षक एवं परीक्षक सेंसाई पंकज कुमार सिंह ने बताया कि इस तरह की बेल्ट ग्रेडिंग परीक्षा का उद्देश्य खिलाड़ियों की तकनीकी क्षमता, अनुशासन, शारीरिक दक्षता और कराटे के प्रति समझ का मूल्यांकन करना है।
उन्होंने सफल प्रतिभागियों को आगे भी नियमित अभ्यास जारी रखने और बेहतर प्रदर्शन के लिए मेहनत करने की सलाह दी।
आयोजकों ने कहा कि कराटे प्रशिक्षण से बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन और शारीरिक क्षमता का विकास होता है। परीक्षा में सफल खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर प्रशिक्षण केंद्र से जुड़े लोगों ने खुशी जताई और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




