कोल्हानचाईबासाराजनीतिराज्यलोकल न्यूज़

गुवा में मजदूरों की समस्याओं पर भड़का आक्रोश, समाधान नहीं हुआ तो सेल के खिलाफ आंदोलन : रामा पांडे

झामसंसं की बैठक में अस्पताल, क्वार्टर, वेतन, ठेका मजदूरों की बहाली और लंबित भुगतान समेत कई मांगें उठीं; जनरल ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन की चेतावनी

गुवा:- झारखंड मजदूर संघर्ष संघ (झामसंसं) के यूनियन कार्यालय में बुधवार देर शाम मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और लंबित मांगों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने की। इस दौरान मजदूरों से जुड़े कई लंबित मुद्दों पर चर्चा करते हुए सेल प्रबंधन से जल्द समाधान की मांग की गई।

बैठक में गुवा सेल अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, अस्पताल एवं शौचालयों की नियमित सफाई, नई एक्स-रे मशीन उपलब्ध कराने, विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति तथा मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता सुधारने की मांग उठाई गई। मधुमेह मरीजों के लिए अलग डाइट, नया एंबुलेंस, सफाई कर्मियों की बहाली, पर्याप्त दवाओं की उपलब्धता और लंबित सिविल कार्य शुरू कराने की मांग भी रखी गई।

संघ ने मजदूर क्वार्टरों की जर्जर स्थिति का मुद्दा भी उठाया। बारिश के दौरान क्वार्टरों की छत से पानी टपकने और गंदा पानी घरों में घुसने की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की गई। इसके अलावा इस्को मध्य विद्यालय में एडॉप्ट शिक्षक की नियुक्ति तथा गुवा डीएवी पब्लिक स्कूल में लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों के स्थान पर नए शिक्षकों की नियुक्ति का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया।

बैठक में रिट्रेंचमेंट बेनिफिट के बकाया भुगतान और कोबरा सिक्योरिटी गार्डों के लंबित भुगतान पर भी चर्चा हुई। ठेका मजदूरों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए संघ ने कहा कि सेल प्रबंधन की ओर से 500 ठेका मजदूरों की बहाली का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब तक केवल 18 लोगों की नियुक्ति हुई है।

संघ ने ठेकेदारों द्वारा न्यूनतम मजदूरी से कम भुगतान करने, समय पर वेतन नहीं देने तथा कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठे के निशान के जरिए मजदूरी की निकासी किए जाने के मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। इसके साथ ही मजदूरों के लिए 500 नए क्वार्टर बनाने तथा सेमी-स्किल्ड एवं स्किल्ड श्रमिकों के लंबित भुगतान का तत्काल भुगतान करने की मांग भी रखी गई।

केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को लेकर सेल प्रबंधन के साथ कई बार बैठक हो चुकी है और शीघ्र समाधान का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रबंधन का रवैया नहीं बदला और समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो संघ जल्द ही सेल के खिलाफ आंदोलन करेगा।

रामा पांडे ने कहा कि आंदोलन के तहत जनरल ऑफिस के समक्ष प्रदर्शन और प्रबंधन का पुतला दहन किया जाएगा। उन्होंने सीजीएम चंद्रभूषण कुमार पर मजदूरों की समस्याओं को लेकर मौन रहने का आरोप भी लगाया।

बैठक में महामंत्री अंतरयामी महाकुड़, राजेश यादव, पदमा केसरी, आरती होरो, संजय सांडिल, प्रशांत चाम्पिया सहित सेलकर्मी, ठेका कर्मी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!