चाईबासापश्चिमी सिंहभूमसड़क दुर्घटना

चाईबासा: मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) पर एक दिवसीय जिलास्तरीय कार्यशाला संपन्न

दुर्घटना पीड़ितों को समय पर मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया पर विशेषज्ञों ने दी जानकारी, AIR और DIR रिपोर्ट की प्रक्रिया समझाई

चाईबासा: जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा के तत्वावधान में रविवार को व्यवहार न्यायालय परिसर स्थित न्यायालय सभागार में मोटर एक्सीडेंट क्लेम ट्रिब्यूनल (MACT) से संबंधित एक दिवसीय जिलास्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकार (नालसा), नई दिल्ली एवं झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, रांची के निर्देशानुसार आयोजित कार्यशाला में न्यायिक, पुलिस, चिकित्सा और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को दुर्घटना मुआवजा मामलों की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।

दीप प्रज्वलित कर हुआ उद्घाटन

कार्यशाला का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, पश्चिमी सिंहभूम मौहम्मद शाकिर ने दीप प्रज्वलित कर किया।

अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना पीड़ितों को समय पर उचित मुआवजा दिलाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि कार्यशाला में विशेषज्ञों द्वारा साझा की जा रही महत्वपूर्ण जानकारियों का लाभ लेकर मुआवजा प्रक्रिया को और सरल एवं प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने बताया कि MACT मामलों में न्यायालय शुल्क मात्र 10 रुपये देय है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि ऐसे मामलों में निर्धारित समय-सीमा के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि पीड़ित परिवारों को जल्द न्याय मिल सके।

धारा 166 के प्रावधानों पर दी जानकारी

कार्यशाला के प्रथम तकनीकी सत्र में प्रशिक्षक अधिवक्ता अमर बक्शी ने मोटर दुर्घटना कानून की धारा 166 के तहत प्रावधानों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पुलिस को दुर्घटना से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर न्यायालय में प्रस्तुत करना चाहिए। किसी कारण से दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सकने की स्थिति में इसकी सूचना न्यायालय को देना आवश्यक है।

AIR और DIR रिपोर्ट की प्रक्रिया समझाई

द्वितीय तकनीकी सत्र में अधिवक्ता प्रमोद प्रसाद ने पुलिस अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों को MACT के तहत अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने विशेष रूप से AIR (Accidental Information Report) और DIR (Death Information Report) तैयार करने की प्रक्रिया को विस्तार से समझाया।

FIR और क्लेम मामलों में सावधानियों की जानकारी

इस अवसर पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहमण टूटी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया तथा मोटर दुर्घटना से संबंधित क्लेम मामलों में बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी।

उन्होंने AIR और DIR तैयार करते समय आवश्यक सावधानियों को लेकर पुलिसकर्मियों को विशेष हिदायत दी, ताकि दुर्घटना पीड़ितों के मुआवजा मामलों में दस्तावेजी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने पर जोर

सदर अस्पताल के उपाध्यक्ष डॉ. शिवचरण हांसदा ने दुर्घटना पीड़ितों के उपचार तथा मुआवजा प्रक्रिया में चिकित्सकों और चिकित्सा प्रबंधन की भूमिका से संबंधित प्रमुख प्रक्रियाओं की जानकारी दी।

उन्होंने दुर्घटना में मृत्यु होने की स्थिति में पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य संबंधित दस्तावेज निर्धारित प्रक्रिया के तहत समय पर ट्रिब्यूनल के समक्ष प्रस्तुत करने पर जोर दिया, ताकि पीड़ित परिवार को मुआवजा प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

कार्यशाला का संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव रवि चौधरी ने किया। इस अवसर पर न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, पुलिस पदाधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!
error: Content is protected !!