CNG भरने के दौरान दर्दनाक हादसा, पाइप फटने से 28 वर्षीय कर्मचारी तुषार की मौत

जमशेदपुर: गोलमुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत साकची के हावड़ा ब्रिज के पास स्थित भारत पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप पर शुक्रवार को CNG भरने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में CNG कार में गैस भर रहे 28 वर्षीय कर्मचारी तुषार गंभीर रूप से घायल हो गए। आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (TMH) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, तुषार पेट्रोल पंप पर CNG कार में गैस भरने का काम कर रहे थे। इसी दौरान CNG मशीन से जुड़ी पाइप अचानक तेज दबाव के साथ फट गई। पाइप तेजी से उछलकर तुषार के चेहरे से जा टकराई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर कई फीट दूर जा गिरे।
हादसे के बाद पेट्रोल पंप परिसर में अफरा-तफरी मच गई। साथी कर्मचारियों ने तत्काल तुषार को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने उनका इलाज शुरू किया, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि CNG पाइप किस कारण से फटी और कहीं मशीन में तकनीकी खराबी तो नहीं थी। साथ ही पेट्रोल पंप पर सुरक्षा मानकों के पालन और मशीन के रखरखाव से जुड़े पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
तुषार की मौत की खबर मिलते ही उनके परिजनों में मातम पसर गया। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने घटना से संबंधित जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वास्तविक वजह और किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नहीं, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।




