
चाईबासा।प्रकाश गुप्ता: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) के आंदोलनकारी अभ्यर्थियों पर रांची में हुए पुलिसिया बल प्रयोग और लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आह्वान पर मंगलवार को झारखंड बंद का आयोजन किया गया। पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा में बंद का मिला-जुला असर देखने को मिला। सुबह करीब आठ बजे भाजपा कार्यकर्ता पूर्व मंत्री सह पूर्व भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बड़कुंवर गागराई के नेतृत्व में शहर की सड़कों पर उतरे और दुकानदारों एवं व्यवसायियों से प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने विभिन्न बाजार क्षेत्रों में घूमकर व्यवसायियों से आंदोलनकारी अभ्यर्थियों के समर्थन में बंद को सफल बनाने का आग्रह किया। हालांकि प्रदेश स्तर से बंद को लेकर निर्देश देर रात प्राप्त होने के कारण इसका व्यापक प्रचार-प्रसार नहीं हो सका। इसके अलावा मंगलवार को कोल्हान का प्रमुख साप्ताहिक मंगल बाजार होने के कारण भी चाईबासा में बंद का असर अपेक्षाकृत सीमित रहा।
सुबह से दोपहर तक दिखा बंद का असर

सुबह करीब आठ बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के कई हिस्सों में बंद का असर दिखाई दिया। कुछ दुकानों और प्रतिष्ठानों के बंद रहने से बाजार की गतिविधियां प्रभावित रहीं। दोपहर बाद धीरे-धीरे दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठान खोलने शुरू कर दिए और शहर में सामान्य गतिविधियां बहाल होने लगीं। इसके बाद बाजार में फिर से रौनक लौट आई।
विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज निंदनीय : बड़कुंवर गागराई
बंद के दौरान पूर्व मंत्री बड़कुंवर गागराई ने रांची में आंदोलन कर रहे JPSC और JSSC अभ्यर्थियों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने कहा कि अपनी मांगों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किया जाना उचित नहीं है। आंदोलनकारी विद्यार्थी राज्य और देश का भविष्य हैं तथा सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुनना चाहिए।
गागराई ने कहा कि भाजपा पहले भी आंदोलनकारी विद्यार्थियों के साथ खड़ी रही है और आगे भी उनके अधिकारों एवं जायज मांगों को लेकर उनका समर्थन करती रहेगी। उन्होंने सरकार से अभ्यर्थियों के साथ संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का समाधान निकालने की मांग की।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं को समझना और समाधान की दिशा में सकारात्मक पहल करना लोकतांत्रिक सरकार की जिम्मेदारी है।
देर रात मिला बंद का निर्देश : गागराई
बड़कुंवर गागराई ने कहा कि बंद को लेकर प्रदेश नेतृत्व से निर्देश देर रात प्राप्त हुआ था। इस वजह से चाईबासा समेत पश्चिमी सिंहभूम जिले में बंद का पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं हो सका। इसके बावजूद कई व्यवसायियों ने विद्यार्थियों के हित में कुछ घंटों तक अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर समर्थन दिया। उन्होंने बंद के दौरान सहयोग करने वाले सभी व्यवसायियों के प्रति आभार जताया।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि आंदोलनकारी अभ्यर्थी अपने भविष्य और रोजगार से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। ऐसे में सरकार को उनके खिलाफ बल प्रयोग करने के बजाय उनकी मांगों पर सकारात्मक पहल करनी चाहिए और बातचीत के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए।
बंद के दौरान भाजपा नगर अध्यक्ष राकेश पोद्दार, भूषण पाठ पिंगुवा, प्रताप कटियार महतो, रोहित दास, अनंत सायनम, रूपा सिंह दास समेत भाजपा के जिला एवं नगर पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
चाईबासा में बंद के दौरान किसी बड़ी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। दोपहर बाद बाजार सामान्य रूप से खुल गया और शहर की गतिविधियां पहले की तरह संचालित होने लगीं।




