Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
Jamshedpurकोल्हान

आसंगी चेकडैम में डूबे एनआईटी छात्र का शव चार दिन बाद दोमुहानी से बरामद, एनडीआरएफ के सर्च ऑपरेशन में मिली सफलता

जमशेदपुर, 6 अगस्त: आसंगी चेकडैम में डूबे नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) जमशेदपुर के बीटेक अंतिम वर्ष के छात्र मीर तनवीर हसन का शव चार दिनों की लगातार तलाश के बाद गुरुवार सुबह सोनारी स्थित दोमुहानी क्षेत्र से बरामद कर लिया गया। एनडीआरएफ की टीम द्वारा चलाए गए सर्च ऑपरेशन में यह सफलता मिली। घटना से छात्र के परिजनों के साथ-साथ एनआईटी परिसर में भी शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के बर्धमान निवासी मीर तनवीर हसन रविवार को अपने दोस्तों के साथ आरआईटी के समीप आसंगी स्थित खरकाई नदी के चेकडैम में स्नान करने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव की चपेट में आकर डूब गए। सूचना मिलने के बाद स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने संयुक्त रूप से खोज अभियान शुरू किया।

लगातार चार दिनों तक नदी के विभिन्न हिस्सों में व्यापक सर्च ऑपरेशन चलाया गया। गुरुवार सुबह सोनारी के दोमुहानी क्षेत्र से छात्र का शव बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मीर तनवीर हसन एनआईटी जमशेदपुर में बीटेक चौथे वर्ष के छात्र थे। उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे संस्थान में शोक की लहर है। सहपाठियों और शिक्षकों ने उन्हें मेधावी, विनम्र और मिलनसार छात्र बताते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।

घटना के बाद छात्रों ने नदी, चेकडैम और अन्य जलाशयों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि संवेदनशील स्थानों पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा बैरिकेडिंग, लाइफ जैकेट और नियमित निगरानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!