पश्चिमी सिंहभूम में युवा संवाद कार्यक्रम, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल माध्यम से जुड़े युवा स्वयंसेवक

चाईबासा: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय तथा एमवाई भारत के तत्वावधान में पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय सभागार में “विकसित वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम” के तहत युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य सीमांत एवं ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को सशक्त बनाना और उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना था।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संवाद रहा, जिसमें उन्होंने देशभर के युवाओं से सीधे बातचीत की। प्रधानमंत्री ने युवाओं के अनुभव साझा करते हुए उन्हें विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास, सामाजिक सहभागिता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया।
राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 245 जिलों से 5,000 से अधिक युवा वर्चुअल माध्यम से जुड़े। पश्चिमी सिंहभूम जिले से भी 20 एमवाई भारत युवा स्वयंसेवकों ने जिला समाहरणालय से कार्यक्रम में भाग लेकर प्रधानमंत्री के संबोधन को सुना।
कार्यक्रम के अंत में युवा स्वयंसेवकों ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने, सामाजिक कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा ग्रामीण एवं सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लिया।




