Manoharpur : नीट में सफलता पर शगुन कुमार का हुआ सम्मान, नाई समाज ने बढ़ाया हौसला
मनोहरपुर-आनंदपुर नाई समाज ने होनहार छात्र को किया सम्मानित

मनोहरपुर : राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) में सफलता प्राप्त कर क्षेत्र और समाज का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली छात्र शगुन कुमार को गुरुवार को मनोहरपुर-आनंदपुर नाई समाज की ओर से सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह का आयोजन सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय, पुराना धर्मशाला, मनोहरपुर में किया गया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ सदस्यों ने शगुन कुमार को माला, पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा उनकी उपलब्धि की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि शगुन की सफलता केवल नाई समाज ही नहीं, बल्कि पूरे मनोहरपुर प्रखंड के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगन के बल पर हासिल की गई यह सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी। समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने शगुन कुमार की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
इसे भी पढ़ें : Gua : स्थानीय रोजगार को लेकर सारंडा में उबाल, 10 अगस्त से रांजाबुरु खदान बंद करने की चेतावनी
शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की सफलता समाज के लिए प्रेरणा
समारोह में वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के विकास का सबसे सशक्त माध्यम है। युवा पीढ़ी की शैक्षणिक उपलब्धियां समाज को नई दिशा देने का कार्य करती हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने शगुन कुमार के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ते रहने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम में पिताम्बर हजाम, कबीर ठाकुर, गुरूचरण नापित, गोवर्धन ठाकुर, विवेक ठाकुर, कृष्ण नापित, मुकेश नापित, अनुप ठाकुर, अजय ठाकुर, दुर्जय नापित, गणेश नापित, पवन नापित, संजय शर्मा, अरविंद ठाकुर, दशरथ ठाकुर, राजू कुमार, मेनका नापित, लक्ष्मी कुमारी, हीरा ठाकुर, मनोज नापित, आशीष नापित, राजेश नापित, रेतेश नापित, संतोषी देवी, गोरी नापित और गायत्री देवी सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य एवं ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने शगुन की सफलता को समाज के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।




