Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Manoharpur : चलती ट्रेन से गिरकर वृद्ध महिला गंभीर रूप से घायल, बेहतर इलाज के लिए रेफर

मनोहरपुर-जराईकेला के बीच रेलवे ट्रैक किनारे घायल अवस्था में मिली महिला

  • ट्रेन यात्रा के दौरान सुरक्षा को लेकर फिर उठे सवाल

मनोहरपुर : चक्रधरपुर रेलखंड के हावड़ा–मुंबई मुख्य रेलमार्ग पर शनिवार देर रात एक वृद्ध महिला चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना मनोहरपुर और जराईकेला स्टेशन के बीच रायकापाट के समीप पोल संख्या 379/20 के पास हुई। रविवार सुबह रेलवे के कीमैन ने पेट्रोलिंग के दौरान महिला को रेल पटरी के किनारे घायल अवस्था में पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल मनोहरपुर स्टेशन मास्टर को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर, आरपीएफ, सीआरपीएफ और जराईकेला थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सभी के संयुक्त प्रयास से घायल महिला को सीआरपीएफ की एंबुलेंस के माध्यम से मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां सुबह करीब आठ बजे उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

इसे भी पढ़ें : Vietnam : वियतनाम में भारतीय पर्यटकों से भरी नाव पलटी, 15 की मौत, 21 लोगों को बचाया गया

गंभीर स्थिति को देखते हुए उच्च चिकित्सा केंद्र किया गया रेफर

अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने महिला की हालत गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया। परिजनों के अनुसार घायल महिला की पहचान चक्रधरपुर प्रखंड के जारिका गांव निवासी सुमती देवी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह रायगढ़ में पूजा-अर्चना करने के बाद इतवारी–चक्रधरपुर ट्रेन से अपने घर लौट रही थीं। यात्रा के दौरान वह शौचालय जाने के लिए अपनी सीट से उठी थीं, लेकिन काफी देर तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी दौरान किसी कारणवश वह चलती ट्रेन से गिर गईं। घटना की सूचना परिजनों को दे दी गई है। वहीं पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल पूरे मामले की जांच में जुट गए हैं तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किन परिस्थितियों में ट्रेन से गिरी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!