जनता दरबार में डीसी मनीष कुमार ने सुनीं लोगों की समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त मनीष कुमार ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम के दौरान भूमि बंदोबस्ती, लीज बंदोबस्त, मंईयां सम्मान योजना, सेवा पुस्तिका संशोधन, पारिवारिक सूची में नाम जोड़ने व त्रुटि सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS), आवास योजनाओं, सड़क निर्माण एवं मरम्मत सहित कई प्रशासनिक और जनसुविधा से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों का क्रमवार अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। जिन मामलों का समाधान तत्काल संभव था, उनका मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि अन्य मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।

इस अवसर पर उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का पारदर्शी, समयबद्ध और संवेदनशील समाधान जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से कार्रवाई करें ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। जनता दरबार को उन्होंने प्रशासन और आम जनता के बीच सीधे संवाद का प्रभावी मंच बताते हुए कहा कि इस पहल से लोगों को बिना किसी मध्यस्थ के अपनी समस्याएं रखने और समाधान प्राप्त करने का अवसर मिलता है।




