Jamshedpur : भारतीय विदेश सेवा के अधिकारियों का जमशेदपुर आगमन, उपायुक्त और एसएसपी ने किया स्वागत
मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम के तहत झारखंड भ्रमण पर पहुंचे आईएफएस अधिकारियों को जिले की विशेषताओं से कराया गया अवगत

जमशेदपुर : भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 2010 बैच के अधिकारी सुशील प्रसाद तथा मो. शाहिद आलम मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम (MCP-II) के अंतर्गत झारखंड राज्य भ्रमण के क्रम में बुधवार को जमशेदपुर पहुंचे। जमशेदपुर परिसदन में जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन एवं वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब ने दोनों अधिकारियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान अधिकारियों के बीच सौहार्दपूर्ण संवाद हुआ और जिले की प्रशासनिक व्यवस्था, विकास कार्यों तथा सुशासन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को झारखंड और विशेष रूप से पूर्वी सिंहभूम जिले की कार्यप्रणाली एवं विकास मॉडल से अवगत कराना था।
इसे भी पढ़ें : Gua : किरीबुरू में जिला स्तरीय आर्चरी प्रतियोगिता का शुभारंभ, उत्कृष्ट 8 तीरंदाजों को मिलेगा एकलव्य अकादमी में प्रवेश
जिले की औद्योगिक पहचान और विकास योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
उपायुक्त राजीव रंजन ने दोनों आईएफएस अधिकारियों को पूर्वी सिंहभूम जिले की भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक संरचना, प्राकृतिक संसाधनों, सांस्कृतिक विरासत तथा जमशेदपुर की देश की अग्रणी औद्योगिक नगरी के रूप में स्थापित पहचान की जानकारी दी। उन्होंने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, औद्योगिक प्रगति, निवेश की संभावनाओं तथा प्रशासन द्वारा लागू किए जा रहे नवाचारों पर भी प्रकाश डाला। अधिकारियों ने जिले की उपलब्धियों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अध्ययन भ्रमण से विभिन्न राज्यों और जिलों की विकास प्रक्रियाओं को समझने का अवसर मिलता है, जो भविष्य में नीति निर्माण और प्रशासनिक कार्यों में सहायक सिद्ध होता है।




