Ghatsila : कुलियाना में निर्माणाधीन वाटर फिल्टर प्लांट में जंग लगे सरिया का किया जा रहा उपयोग, ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल

घाटशिला : घाटशिला प्रखंड अंतर्गत बड़ाखुर्सी पंचायत के कुलियाना गांव में निर्माणाधीन वाटर फिल्टर प्लांट के कार्य को लेकर ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण कार्य में घटिया गुणवत्ता के जंग लगे सरियों (रॉड) का उपयोग किया जा रहा है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, जब गांव के लोगों ने निर्माण स्थल पर मौजूद साइट सुपरवाइजर मणिकांत तिवारी से इस्तेमाल किए जा रहे सरियों की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की, तो उन्होंने संतोषजनक जवाब देने के बजाय कथित रूप से अभद्र भाषा का प्रयोग किया। ग्रामीणों का आरोप है कि सुपरवाइजर ने सवाल पूछने पर लोगों के साथ दुर्व्यवहार किया।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य में लगे कुछ मजदूरों को समय पर मजदूरी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। मजदूरों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, निर्माण स्थल पर रखे गए अधिकांश सरियों में काफी मात्रा में जंग लगा हुआ है और उसी सामग्री का उपयोग प्लांट निर्माण में किया जा रहा है। इससे भविष्य में निर्माण की मजबूती और सुरक्षा को लेकर चिंता जताई जा रही है।
घटना के दौरान मौके पर पहुंचे एक पत्रकार ने भी साइट सुपरवाइजर मणिकांत तिवारी से इस संबंध में बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन पत्रकार के साथ भी कथित रूप से असहयोगात्मक और अभद्र व्यवहार किया गया।
इस मामले को लेकर जब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के घाटशिला के जूनियर इंजीनियर (JE) से संपर्क किया गया, तो उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी ली जाएगी और संबंधित पक्ष को समझाने का प्रयास किया जाएगा।
हालांकि, विवाद बढ़ने के बाद गांव के कई स्थानीय लोगों ने खुलकर बयान देने से परहेज किया। वहीं ग्रामीणों ने विभाग से निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : यात्रियों पर महंगाई की मार, चाईबासा सहित विभिन्न रूटों पर चलने वाली बसों में 20 प्रतिशत किराया बढ़ोतरी की घोषणा




