Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानझारखंड

Gua : सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर किरीबुरू में सीटू का सांकेतिक प्रदर्शन

आंबेडकर चौक पर जुटे कर्मी और छात्र, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

गुवा : पर्यावरण कार्यकर्ता एवं शिक्षा सुधार के पक्षधर सोनम वांगचुक की रिहाई की मांग को लेकर मंगलवार को सीटू किरीबुरू के पदाधिकारियों, सेल कर्मियों और छात्रों ने किरीबुरू स्थित डॉ. भीमराव आंबेडकर चौक पर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान प्रतिभागियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए सोनम वांगचुक की तत्काल रिहाई की मांग उठाई। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सोनम वांगचुक लंबे समय से लद्दाख में पर्यावरण संरक्षण, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और स्थानीय समुदायों के हितों के लिए शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन कर रहे हैं। उनका कहना था कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक नागरिक को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण विरोध करने का अधिकार है। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से इस मामले में सकारात्मक पहल करते हुए उन्हें अविलंब रिहा करने की मांग की।

इसे भी पढ़ें : Gua : सुख-समृद्धि और अखंड सौभाग्य की कामना के साथ महिलाओं ने की मां विपत्तारिणी की पूजा

लद्दाख के मुद्दों को लेकर आंदोलन को बताया राष्ट्रीय महत्व का अभियान

प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सोनम वांगचुक लद्दाख को संविधान की छठी अनुसूची के तहत संरक्षण देने, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सुनिश्चित करने, पर्यावरण संरक्षण तथा क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने की मांग को लेकर लंबे समय से अभियान चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन और हिमालयी क्षेत्रों में अंधाधुंध विकास के खिलाफ चलाया गया उनका आंदोलन राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना है और देशभर में उन्हें व्यापक समर्थन मिल रहा है। सीटू नेताओं ने कहा कि सरकार को उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। इस प्रदर्शन में सीटू के मंजीत सिंह, गणपत शर्मा, मिथलेश कुमार, राजेश सिंह, मुकेश ठाकुर, गोविंद धनवार सहित यूनियन के अन्य सदस्य, सेल कर्मी एवं छात्र शामिल हुए। सभी ने शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करते हुए सोनम वांगचुक की रिहाई और उनकी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई की अपील की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!