Chakradharpur : रेलवे फाटकों पर जाम की समस्या और रोड ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर डीआरएम ऑफिस में हुई बैठक, सांसद जोबा मांझी, चैंबर के प्रतिनिधि रहे मौजूद

चक्रधरपुर : चक्रधरपुर स्थित डीआरएम कम्युनिटी हॉल में सांसद जोभा मांझी की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेलवे फाटकों पर लगने वाले लंबे जाम की समस्या के समाधान तथा रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में डीआरएम, उपायुक्त, रेलवे प्रशासन, जिला प्रशासन तथा पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। चैंबर की ओर से अध्यक्ष निरंजन अग्रवाल, सचिव आयुष दौदराजका तथा चक्रधरपुर अनुमंडल के उपाध्यक्ष अजय कुमार शर्मा उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विभिन्न रेलवे फाटकों पर लंबे समय तक गेट बंद रहने के कारण आम लोगों, यात्रियों और व्यापारियों को होने वाली परेशानियों पर विस्तार से चर्चा की गई। चैंबर के प्रतिनिधियों ने ऐसे प्रमुख स्थानों को चिन्हित किया जहां जाम की समस्या अत्यधिक गंभीर है और जहां रोड ओवर ब्रिज का निर्माण आवश्यक माना जा रहा है।
प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि इन परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था को सुगम बनाया जा सके और क्षेत्र की व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके। बैठक में इस बात पर सहमति बनी कि रेलवे प्रशासन और जिला प्रशासन आपसी समन्वय के साथ प्रस्तावित योजनाओं पर आगे कार्य करेंगे तथा आवश्यक सर्वेक्षण और योजना निर्माण की प्रक्रिया को गति देंगे।
बैठक के बाद चैंबर के प्रतिनिधियों ने डीआरएम से शिष्टाचार मुलाकात कर उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट किया। इस दौरान यात्रियों और आम लोगों को हो रही विभिन्न असुविधाओं से संबंधित एक आवेदन भी सौंपा गया, जिसमें समस्याओं के समाधान की मांग की गई।
पश्चिमी सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने उम्मीद जताई है कि इस पहल से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और आम नागरिकों तथा व्यापारियों को राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें : Chaibasa : मिशन उदय की गतिविधियों का सांसद जोबा माझी और उपायुक्त मनीष कुमार ने किया निरीक्षण


