Welcome to Kolhan Samachar Live   Click to listen highlighted text! Welcome to Kolhan Samachar Live
कोल्हानचाईबासास्वास्थ्य एवं चिकित्सा

अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर भड़के रामा पांडे, हक नहीं मिला तो आंदोलन की चेतावनी

गुवा:- झारखंड मजदूर संघर्ष संघ, किरीबुरू और सेल प्रबंधन किरीबुरू के बीच अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था, सिविल व खदान में कार्यरत कर्मचारियों की सुरक्षा तथा ठेका श्रमिकों को बिना कारण काम से बैठाए जाने समेत विभिन्न मुद्दों को लेकर बैठक हुई। बैठक में सेल प्रबंधन के अधिकारियों और संघ के पदाधिकारियों ने कर्मचारी हितों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक में सीजीएम किरीबुरू पी.एम. शिरपुरकर, नए सीजीएम एचआर, जीएम सिविल, सीएमओ श्रीमती नंदी जेराई, जीएम एचआर अमित विश्वास, एजीएम सिविल सीताराम महतो एवं प्रवीण मीणा मौजूद रहे। वहीं संघ की ओर से केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे, उपाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण राउत, प्रभा सिद्धू, महामंत्री राजेंद्र सिंधिया, संयुक्त महामंत्री सुनील कुमार पासवान, सचिव अजय बानरा, संगठन सचिव संजय तिग्गा, कोषाध्यक्ष लखन चाम्पिया समेत अन्य सदस्य उपस्थित थे।

अस्पताल की व्यवस्था पर प्रबंधन से जताई नाराजगी

बैठक में केंद्रीय अध्यक्ष रामा पांडे ने अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सेल प्रबंधन पर तीखी नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि सेल कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज एवं आवश्यक जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसके कारण कई कर्मचारियों और उनके परिजनों को बाहर जाकर अपने खर्च पर इलाज कराना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल में डॉक्टर या तकनीकी सुविधाओं की कमी है तो कर्मचारियों के लिए रेफरल व्यवस्था उपलब्ध है। रेफर किए गए कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर इलाज की सुविधा मिलना उनका अधिकार है। लागत नियंत्रण के नाम पर कर्मचारियों के स्वास्थ्य संबंधी अधिकारों से समझौता नहीं किया जा सकता।

बोकारो के अधिकारियों के साथ बैठक की मांग

रामा पांडे ने प्रबंधन से बोकारो के सक्षम अधिकारियों के साथ बैठक कराने की मांग की, ताकि अस्पताल की समस्याओं का स्थायी समाधान निकाला जा सके। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के स्वास्थ्य से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल आवश्यक कदम उठाए जाने चाहिए।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो महिलाओं के साथ निर्णायक बैठक की जाएगी। जरूरत पड़ने पर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था के मुद्दे को लेकर सभी चार खदानों को बंद करने का आह्वान भी किया जा सकता है।

खदान सुरक्षा और ठेका श्रमिकों के मुद्दे पर भी नाराजगी

बैठक में खदान सुरक्षा समिति की कार्यप्रणाली और ठेका श्रमिकों को बिना कारण काम से बैठाए जाने के मामले पर भी रामा पांडे ने नाराजगी जताई। संघ की ओर से कर्मचारियों की सुरक्षा, रोजगार और अन्य अधिकारों से जुड़े मामलों का शीघ्र समाधान करने की मांग की गई।

बैठक में प्रबंधन और मजदूर संगठन के बीच कर्मचारी हितों एवं सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। संघ ने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों के अधिकारों और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!